जन विरोधी फैसलों से घिरी सुक्खू सरकार, पंचायत चुनावों में जनता लेगी हिसाब : राकेश जम्बाल

WhatsApp Channel Join Now
जन विरोधी फैसलों से घिरी सुक्खू सरकार, पंचायत चुनावों में जनता लेगी हिसाब : राकेश जम्बाल


मंडी, 28 अप्रैल (हि.स.)। भाजपा के मुख्य प्रवक्ता राकेश ने कहा कि प्रदेश की सुक्खू सरकार हर मोर्चे पर पूरी तरह विफल साबित हुई है और अब जनता इसका हिसाब लेने के लिए तैयार बैठी है। उन्होंने कहा कि यह सरकार केवल झूठे वादों और जन विरोधी फैसलों की प्रतीक बनकर रह गई है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में एक के बाद एक संस्थान बंद किए जा रहे हैं, युवाओं के भविष्य पर संकट मंडरा रहा है। विकास कार्य पूरी तरह ठप पड़े हैं और जिन परियोजनाओं से प्रदेश को गति मिलनी थी, वे फाइलों में धूल खा रही हैं। सड़कों, स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में स्थिति बद से बदतर होती जा रही है।

प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमरा चुकी है। अपराध के मामले लगातार बढ़ रहे हैं, लेकिन सरकार मूकदर्शक बनी हुई है। आम आदमी अपने आप को असुरक्षित महसूस कर रहा है और सरकार केवल बयानबाजी तक सीमित है।

उन्होंने पंचायत चुनावों को लेकर भी सरकार को घेरा और कहा कि लोकतंत्र की जड़ माने जाने वाले पंचायत चुनावों को जानबूझकर लटकाया जा रहा था । यह साफ दर्शाता है कि सरकार को अपनी हार का डर सता रहा है। जनता के बीच जाने से कांग्रेस सरकार घबरा रही है, क्योंकि उसे अपनी नाकामियों का पूरा अंदाजा है।

राकेश जम्बाल ने कहा कि अब समय आ गया है जब प्रदेश की जनता इस जन विरोधी सरकार को करारा जवाब दे। आने वाले पंचायत चुनावों में जनता इस सरकार के जाने का बिगुल फूंक देगी और कांग्रेस को उसकी नीतियों का जवाब लोकतांत्रिक तरीके से मिलेगा। उन्होंने कहा कि भाजपा जनता के साथ खड़ी है और हर मोर्चे पर सरकार की विफलताओं को उजागर करती रहेगी, ताकि प्रदेश को एक सक्षम और जनहितैषी नेतृत्व मिल सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

Share this story