बल्ह में सड़क, पानी और सिंचाई की समस्याओं से परेशान जनता, सरकार पर उठे सवाल : इंद्र सिंह गांधी

WhatsApp Channel Join Now
बल्ह में सड़क, पानी और सिंचाई की समस्याओं से परेशान जनता, सरकार पर उठे सवाल : इंद्र सिंह गांधी


मंडी, 16 मार्च (हि.स.)। मंडी जिला के बल्ह विधानसभा क्षेत्र के विधायक इंद्र सिंह गांधी ने क्षेत्र की विभिन्न विकास समस्याओं को लेकर उपायुक्त मंडी को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने क्षेत्र में सड़कों, पुलों, पेयजल, सिंचाई योजनाओं और अधूरे सरकारी भवनों के कार्यों को शीघ्र पूरा करने की मांग उठाई। इंद्र सिंह गांधी ने कहा कि क्षेत्र में कई सड़कें अधूरी पड़ी हैं, पेयजल योजनाएं प्रभावित हैं और अनेक विकास कार्य बजट के अभाव में रुके हुए हैं। जनता को मूलभूत सुविधाओं के लिए भी परेशान होना पड़ रहा है।

गांधी ने कहा कि जब भी इन कार्यों के बारे में अधिकारियों से बात की जाती है तो उनका सीधा जवाब होता है कि इन कार्यों के लिए बजट उपलब्ध नहीं है। ऐसे में यह स्पष्ट हो जाता है कि प्रदेश सरकार के दावे केवल कागजों और भाषणों तक ही सीमित हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेता जनता को गुमराह करने के लिए बार-बार झूठे दावे कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार को यह समझना चाहिए कि केवल पदों और अपने करीबी लोगों को लाभ पहुंचाने से विकास नहीं होता। विकास तब होता है जब योजनाओं का लाभ गरीब और जरूरतमंद लोगों तक पहुंचे और क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार हो।

विधायक ने कहा कि क्षेत्र में कई सड़कों का निर्माण व सुधार लंबे समय से लंबित है। टांवा–कुम्मी, भियूरा स्टोह दोहल, रत्ती ढागू , लूनापानी से हवेली मांडल, जीरो प्वाइंट हनुमान मंदिर–बटाहण तथा गम्भर पुल–पतरेंग कोटीघेरी सड़क जैसे अन्य और सड़कों के कार्य अभी तक अधूरे पड़े हैं। इसके अलावा चण्डयाल सुहैल पुल और पेडी पस्ता पुल के कार्यों को भी जल्द पूरा करने की मांग की गई है।

उन्होंने कहा कि कई गांवों में पेयजल संकट बना हुआ है और बल्ह घाटी मध्यम सिंचाई परियोजना को भी सुचारु रूप से चलाने की आवश्यकता है। साथ ही मुख्यमंत्री लोक भवन लेदा, वेटनरी भवन, आईटीआई गगल (बल्ह) तथा ई-किसान भवन लुपाणानी जैसे अधूरे भवनों के कार्यों को भी जल्द पूरा किया जाना चाहिए। गांधी ने कहा कि केवल अपने करीबी लोगों को लाभ पहुंचाना विकास नहीं है, बल्कि जनता तक बुनियादी सुविधाएं पहुंचाना ही असली विकास है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द इन समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो जनता के साथ मिलकर आंदोलन किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

Share this story