मंडी में भाजपा की लोकतंत्र बचाओ अराजकता हटाओ पदयात्रा, कांग्रेस के ‘वोट चोरी के नैरेटिव पर साधा निशाना

WhatsApp Channel Join Now
मंडी में भाजपा की लोकतंत्र बचाओ अराजकता हटाओ पदयात्रा, कांग्रेस के ‘वोट चोरी के नैरेटिव पर साधा निशाना


मंडी, 04 नवंबर (हि.स.)। मंडी में भारतीय जनता पार्टी द्वारा लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ पदयात्रा आयोजित की। जिसमें हजारों की संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय जनता ने हिस्सा लेकर विपक्ष के खिलाफ हुंकार भरी। इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कांग्रेस और विपक्षी गठबंधन पर तीखे राजनीतिक प्रहार किए।

बुधवार को पड्डल मैदान से सेरी मंच पहुंची पदयात्रा के बाद जनसभा को संबोधित करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व व उनके मार्गदर्शन में निरंतर विकास, सुशासन, पारदर्शिता और एक सशक्त व समृद्ध लोकतंत्र की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि जब भी चुनाव परिणाम विपक्ष के अनुकूल नहीं होते, तो वे देश की निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया पर अनर्गल सवाल उठाने लगते हैं और ‘वोट चोरी’ जैसे नितांत झूठे, तथ्यहीन तथा भ्रामक प्रचार के माध्यम से देश की सम्मानित जनता को गुमराह करने का कुत्सित प्रयास करते हैं।

जयराम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस के नेतृत्व वाले विपक्ष की नकारात्मक, अराजक राजनीति और समाज को बांटने वाले झूठे नैरेटिव के विरुद्ध मंडी की जनता का यह एकजुट संकल्प देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर करने के प्रयास को कभी स्वीकार नहीं करेगा। उन्होंने कहा कि आज तक देश में लोकतांत्रिक व्यवस्था से ही सरकारें चुनी जाती रही है। लेकिन पहली बार देश में सत्ता परिवर्तन के लिए कुछ लोग अराजकता का सहारा ले रहे हैं।

जयराम ने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी सोच रहे हैं कि जिस प्रकार बांग्लादेश में अराजकता से सत्ता परिवर्तन हुआ ऐसा ही भारत में भी हो सकता है लेकिन वो भूल चुके हैं ये देश बांग्लादेश नहीं हो सकता। उन्होंने कांग्रेस पर तंज कसा कि चुनाव जीतने के लिए जनता का दिल जीतना पड़ता है, जो कांग्रेस कर नहीं पा रही है और अराजकता का सहारा ले रही है। ये देश संविधान से चलता है, गांधी परिवार की धमकियों से नहीं।

जिस एसआईआर प्रक्रिया पर राहुल गांधी सवाल उठा रहे हैं उसका मतलब सिर्फ इतना है कि गलत वोट बनना नहीं चाहिए और ठीक वोट कटना नहीं चाहिए। कांग्रेस नेताओं को सबसे बड़ी पीड़ा इस प्रक्रिया से तब हुई जब उनके समय में देश में घुसे घुसपैठियों को एसआईआर ने बाहर का रास्ता दिखाया।

उन्होंने कहा कि जिस प्रक्रिया ने राहुल गांधी को सांसद बनाया है उस पर वो सवाल उठा रहे हैं। ऐसा ही हिमाचल के मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सुक्खू कर रहे हैं जिन्हें इस संवैधानिक पद पर इसी प्रक्रिया ने बैठाया है। उन्होंने मुख्यमंत्री से पूछा कि अगर आप को चुनाव आयोग के कामकाज को लेकर संदेह है तो अपने पद से इस्तीफा दें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

772373 Articles

Share this story