जन आक्रोश महिला पदयात्रा: भाजपा ने महिलाओं के मुद्दों पर कांग्रेस को घेरा
शिमला, 23 अप्रैल (हि.स.)। राजधानी शिमला के चौड़ा मैदान में भाजपा महिला मोर्चा की ओर से गुरूवार को जन आक्रोश महिला पदयात्रा आयोजित की गई, जिसमें प्रदेश के विभिन्न हिस्सों से आई महिलाओं ने हिस्सा लिया। इस कार्यक्रम में भाजपा नेताओं ने महिला आरक्षण और प्रदेश की कांग्रेस सरकार के कामकाज को लेकर सवाल उठाए और अपनी बात रखी।
कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष डेज़ी ठाकुर ने की। इस मौके पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल, प्रदेश प्रभारी श्रीकांत शर्मा, नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर और सह प्रभारी संजय टंडन सहित अन्य नेता भी मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान महिलाओं ने नारेबाजी की और अपने मुद्दों को सामने रखा।
भाजपा प्रदेश महामंत्री पायल वैद्य ने अपने संबोधन में कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम महिलाओं को पंचायत से लेकर संसद तक 33 प्रतिशत आरक्षण देने की दिशा में एक अहम कदम था, लेकिन कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों ने इसका समर्थन नहीं किया। उन्होंने कांग्रेस पर महिलाओं के मुद्दों पर गंभीरता से काम न करने का आरोप लगाया।
डेज़ी ठाकुर ने कहा कि महिलाओं को अधिकार देने के मुद्दे पर राजनीति नहीं होनी चाहिए और इस विषय पर सभी दलों को स्पष्ट रुख अपनाना चाहिए। वहीं भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष रश्मि धर सूद ने कहा कि महिला आरक्षण का मुद्दा सामाजिक न्याय से जुड़ा हुआ है और इस पर विरोध करना सही नहीं है।
भाजपा विधायक रीना कश्यप ने आरोप लगाया कि इस कार्यक्रम में शामिल होने आ रही कुछ महिलाओं को रास्ते में रोका गया और उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ा। उन्होंने इसे प्रशासनिक स्तर पर की गई कार्रवाई बताया। हालांकि, इस संबंध में प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
डॉ. राजीव बिंदल ने अपने संबोधन में कहा कि महिलाओं से जुड़े मुद्दों पर सरकार को अपने वादों पर खरा उतरना चाहिए। उन्होंने प्रदेश में महिलाओं को आर्थिक सहायता देने के वादे का भी जिक्र किया।
नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि महिलाओं से जुड़े मुद्दे प्रदेश की राजनीति में अहम हैं और इन पर जनता अपनी राय चुनाव के दौरान व्यक्त करेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

