विकास के बजाय बदले की भावना से काम कर रही सुक्खू सरकार : निहाल चंद

WhatsApp Channel Join Now

मंडी, 09 अगस्त (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के मंडी जिलाध्यक्ष निहाल चंद शर्मा ने कहा है कि राज्य की कांग्रेस सरकार बदले की भावना से काम करने में विश्वास करती है। लोकतंत्र में सरकार के हर जनविरोधी फैसले का विरोध करने और आलोचना का अधिकार सभी को है लेकिन दुर्भाग्य से ये सरकार अपनी आलोचना ही सहन नहीं कर पा रही है।

उन्होंने कहा कि भाजपा के करीब एक दर्जन नेताओं और विधायकों के खिलाफ राजनीतिक प्रतिशोध की भावना से ये सरकार पुलिस अधिकारियों को दबाव डालकर मामले दर्ज करवा रही है। यहां तक कि हमारे प्रदेशाध्यक्ष डॉ राजीब बिंदल के खिलाफ में मामला दर्ज किया जा चुका है। कुछ अधिकारियों को इसी काम में लगा दिया गया है कि भाजपा नेताओं के लिए खिलाफ मामले बनाओ और उन्हें परेशान करो। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू जी विकास तो करवा नहीं पा रहे हैं और अपनी आलोचना से इतने बौखला गए हैं कि भाजपा नेताओं को टारगेट कर राजनीतिक बदले की भावना से काम कर रहे हैं जो दुर्भाग्यपूर्ण है।

निहाल ने कहा क‍ि किसान और बागवान परेशान हैं। दूध उत्पादकों का दूध खरीदा नहीं जा रहा है जबकि वादे 80 से सौ रुपए लीटर खरीद के किए हैं। सड़कों की दुर्दशा सुधारी नहीं जा रही है और स्वास्थ्य संस्थानों की बदहाली तो किसी से छिपी नहीं है। आज से पहले ऐसे हालत कभी नहीं हुए। लोग पहले ही झूठी गारंटियों के पूरा न होने से ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं और ऊपर से काम कोई हो नहीं रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

Share this story