लाखों लोगों को राहत देने वाली योजनाओं के प्रति मुख्यमंत्री के मन में घृणा का भाव : जयराम ठाकुर

WhatsApp Channel Join Now
लाखों लोगों को राहत देने वाली योजनाओं के प्रति मुख्यमंत्री के मन में घृणा का भाव : जयराम ठाकुर


मंडी, 29 मार्च (हि.स.)। मंडी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन की बात कार्यक्रम को सुनने के उपरांत पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत में पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में जब से कांग्रेस की सरकर बनी है, कभी संस्थान बंद कर, कभी हमारी योजनाओं को बंद करते हुए साढ़े तीन साल का कार्यकाल पूरा किया है।

उन्होंने कहा कि मैं पहले दिन से इस बात को देख रहा था कि हमारी सरकार की योजनाओं के प्रति मुख्यमंत्री के मन में बहुत घृणा का भाव है। तीन साल के कार्यकाल में उनसे कोई बड़ी लकीर खींची नहीं जा सकी इसलिए वह औरों की खींची हुई लकीर मिटाने में लगे हैं। यह किसी नेता का बड़प्पन नहीं होता। उन्होंने कहा कि जिन झूठी गारंटियों के दम पर कांग्रेस पार्टी सत्ता में आई, आज उन पर बात करने से ही कांग्रेस के नेता भागते हैं। मुख्यमंत्री और उनके मंत्रियों के पास उनकी झूठी गारंटियों पर बोलने के लिए एक शब्द नहीं है। इसलिए वह अब पूर्व सरकार की योजनाओं को बदनाम कर रहे है।

जयराम ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री इस समय हिटलर के प्रोपेगेंडा मंत्री जोसेफ गोएबल्स की तरह एक ही झूठ को बार-बार बोलकर, अपने सरकारी तंत्र से उसे प्रचारित करवा कर, अपने झूठ को सही साबित करना चाहते हैं। इसलिए वह हिम केयर के बारे में भी सिर्फ झूठ बोलने के मॉडल को ही आगे बढ़ा रहे हैं। लेकिन वह भूल रहे हैं कि जिस योजना की वजह से प्रदेश में 11 लाख से ज्यादा लोगों को नि:शुल्क इलाज मिला, लाखों लोगों को जिंदगी मिली। उसे योजना के बारे में उनका झूठ काम नहीं करेगा, वह बेनकाब होंगे। उनका झूठ उनकी नीयत को भी सामने लाएगा। जिस योजना पर भाजपा सरकार ने 450 करोड़ रुपए खर्च किए हों उसे 1100 करोड़ रुपए का घोटाला कोई मुख्यमंत्री कैसे बोल सकता है।

जयराम ठाकुर ने सुखविंदर सिंह सुक्खू को झूठ बोलने और षडयंत्र रचने में माहिर करार दिया। जयराम ठाकुर ने कि मुख्यमंत्री की कार्यशैली के बारे में स्वयं छह बार के मुख्यमंत्री रहे स्वर्गीय वीरभद्र सिंह भी अक्सर यही टिप्पणी किया करते थे और आज वर्तमान में खुद कांग्रेसी नेता भी अपनी ही सरकार से दुखी हैं। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस के भीतर स्पष्ट रूप से यह चर्चा है कि सुक्खू के कारण प्रदेश में कांग्रेस की सरकार नहीं बनी है, बल्कि इसमें किसी अन्य नेता का ही मुख्य योगदान रहा है।

जयराम ठाकुर ने चेतावनी दी कि सत्ता परिवर्तन होने पर भ्रष्टाचार की सभी परतें खुलेंगी, जिससे कई बड़े चेहरों का बेनकाब होना तय है।

हिमकेयर योजना पर जयराम ठाकुर ने मुख्यमंत्री के दावों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि प्रदेश में इस योजना के तहत किसी भी पुरुष की बच्चेदानी का ऑपरेशन होने की बात पूरी तरह निराधार और भ्रामक है। उन्होंने तर्क दिया कि पूर्व भाजपा सरकार ने हिमकेयर के तहत विभिन्न बीमारियों के उपचार के लिए विशिष्ट पैकेज निर्धारित किए थे और मुख्यमंत्री केवल उन्हीं तकनीकी पैकेजों का हवाला देकर जनहित की इस योजना को बदनाम करने की साजिश रच रहे हैं।

उन्होंने कहा कि मेरे अलावा भरमौर के विधायक और न्यूरो स्पेशलिस्ट डॉ. जनक राज पहले ही सदन में इस तकनीकी विषय पर विस्तृत तथ्यात्मक विवरण देकर मुख्यमंत्री को बेनकाब कर चुके हैं। जिससे यह साफ होता है कि सरकार केवल राजनीतिक द्वेष के चलते पूर्ववर्ती सरकार की उपलब्धियों पर कीचड़ उछालने का प्रयास कर रही है जिसमें वह कभी कामयाब नहीं होगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

Share this story