320 नई पीजी मेडिकल सीटों की मंजूरी हिमाचल के लिए बड़ी उपलब्धि, केंद्र और जेपी नड्डा का आभार : राकेश जम्वाल

WhatsApp Channel Join Now
320 नई पीजी मेडिकल सीटों की मंजूरी हिमाचल के लिए बड़ी उपलब्धि, केंद्र और जेपी नड्डा का आभार : राकेश जम्वाल


मंडी, 24 अक्टूबर (हि.स.)। भाजपा के मुख्य प्रवक्ता एवं सुंदरनगर के विधायक राकेश जम्वाल ने हिमाचल प्रदेश के छह सरकारी मेडिकल कॉलेजों में 320 नई पोस्ट ग्रेजुएट मेडिकल सीटों को मंजूरी देने और इसके लिए लगभग 415 करोड़ रुपए का अनुदान उपलब्ध करवाने के निर्णय पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा का आभार व्यक्त किया है।

राकेश जम्वाल ने कहा कि हिमाचल प्रदेश के लिए यह एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। केंद्र सरकार ने प्रदेश की आवश्यकता को समझते हुए चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में बड़ा निर्णय लिया है। इससे प्रदेश के मेडिकल कॉलेजों में विशेषज्ञ चिकित्सा शिक्षा के अवसर बढ़ेंगे और स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने में मदद मिलेगी।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देशभर में मेडिकल शिक्षा के विस्तार के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा के मार्गदर्शन में हिमाचल को मिली यह स्वीकृति केंद्र सरकार की प्रदेश के प्रति सकारात्मक सोच और विकास के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

जम्वाल ने बताया कि स्वीकृत 320 पीजी सीटों में आईजीएमसी शिमला को 91, मेडिकल कॉलेज हमीरपुर को 57, नेरचौक मंडी को 55, डॉ. राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कॉलेज टांडा को 57, मेडिकल कॉलेज नाहन को 32 और मेडिकल कॉलेज चंबा को 28 सीटें मिली हैं। इन सीटों के माध्यम से प्रदेश के युवाओं को विशेषज्ञ चिकित्सा शिक्षा हासिल करने के अधिक अवसर मिलेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

766185 Articles

Share this story