मुख्यमंत्री सुक्खू सरकारी काम कम और ज्योतिषगिरी ज़्यादा कर रहे हैं : राकेश जमवाल

WhatsApp Channel Join Now
मुख्यमंत्री सुक्खू सरकारी काम कम और ज्योतिषगिरी ज़्यादा कर रहे हैं : राकेश जमवाल


मंडी, 04 अगस्त (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के मुख्य प्रवक्ता राकेश जमवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू आजकल काम कम और ज्योतिषगिरी ज़्यादा कर रहे हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री के उस बयान पर पलटवार किया है जिसमें उन्होंने वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा के 16 विधायकों के हारने का दावा किया है।

राकेश जमवाल ने कहा कि लगता है मुख्यमंत्री सुक्खू आजकल प्रदेश चलाने से अधिक ज्योतिष करने में व्यस्त हैं। यदि उन्हें भविष्य देखने का इतना ही शौक है तो भाजपा के बजाय पहले यह बता दें कि 2027 में कांग्रेस की कितनी सीटें आने वाली हैं। मुख्यमंत्री भाजपा की चिंता छोड़ें, क्योंकि भाजपा का भविष्य जनता तय करेगी और कांग्रेस का भविष्य जनता पंचायतों, स्थानीय निकायों तथा विभिन्न चुनावों में अपने जनादेश के माध्यम से स्पष्ट संकेत दे चुकी है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पहले अपनी सरकार का रिपोर्ट कार्ड जनता के सामने रखें। सरकार के पौने चार वर्ष पूरे होने को हैं, लेकिन जनता का विश्वास कांग्रेस सरकार से उठ चुका है। ऐसे में मुख्यमंत्री को भाजपा के विधायकों की चिंता करने के बजाय अपनी सरकार की विफलताओं का जवाब देना चाहिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री शायद भूल गए हैं कि हिमाचल की जनता ने पंचायत राज संस्थाओं, नगर निकायों और विभिन्न स्थानीय चुनावों में कांग्रेस को लगातार करारा जवाब दिया है। जहां-जहां जनता को अवसर मिला, वहां उसने कांग्रेस सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ अपना स्पष्ट जनादेश दिया। यह संदेश साफ है कि प्रदेश की जनता कांग्रेस सरकार की कार्यशैली से संतुष्ट नहीं है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री को भाजपा के 28 विधायकों की चिंता छोड़कर अपनी पार्टी की स्थिति देखनी चाहिए। राकेश जमवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री जितने चाहे राजनीतिक दावे कर लें, लेकिन चुनावी परिणाम भाषणों से नहीं, जनता के विश्वास से तय होते हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

Share this story