नाहन हिंसक झड़प मामले में गिरफ्तार 11 आरोपी 3 दिन के पुलिस रिमांड पर

WhatsApp Channel Join Now
नाहन हिंसक झड़प मामले में गिरफ्तार 11 आरोपी 3 दिन के पुलिस रिमांड पर


नाहन, 28 अक्टूबर (हि.स.)। सिरमौर जिला के नाहन स्थित वाल्मीकि चौक पर दो समुदायों के बीच हुई हिंसक झड़प और पथराव के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। बुधवार को सभी आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया।

पुलिस अधीक्षक सिरमौर की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार यह घटना 23 अक्टूबरको वाल्मीकि चौक पर हुई थी। इस दौरान दो पक्षों के बीच विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और पथराव हुआ। घटना में पुलिसकर्मियों सहित दोनों पक्षों के कुछ लोग घायल हुए थे। इसके अलावा सार्वजनिक और निजी संपत्ति को भी नुकसान पहुंचा था।

इस मामले में पुलिस थाना नाहन में 23 अक्टूबर को अभियोग संख्या 208/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराओं 191(2), 191(3), 190, 132 और 324(4) तथा सार्वजनिक संपत्ति नुकसान निवारण अधिनियम (पीडीपी एक्ट) की धारा 3 के तहत मामला दर्ज किया गया था।

पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज की और घटना में कथित रूप से संलिप्त लोगों की पहचान कर कार्रवाई की। जांच के दौरान अब तक 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस रिमांड के दौरान आरोपियों से पूछताछ कर घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच की जाएगी। पुलिस मामले की आगामी जांच में जुटी हुई है।

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

768476 Articles

Share this story