शिमला से लापता नाबालिग बालिका कालका से सकुशल बरामद

WhatsApp Channel Join Now


शिमला, 02 अप्रैल (हि.स.)। जिला शिमला में नाबालिग बालिका के लापता होने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे 24 घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस के अनुसार बालिका अपने परिजनों की डांट से नाराज़ होकर घर से चली गई थी और कालका क्षेत्र में अपने एक दोस्त के घर पहुंच गई थी।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 31 मार्च को एक व्यक्ति ने अपनी नाबालिग बेटी के लापता होने की शिकायत थाना महिला शिमला में दर्ज करवाई थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने उसी दिन भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 137(2) के तहत मामला दर्ज कर लिया और बालिका की तलाश के लिए तुरंत विशेष टीम गठित की गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने तुरंत तलाश अभियान शुरू किया। इस दौरान पुलिस ने तकनीकी संसाधनों और स्थानीय स्तर पर जुटाई गई जानकारी का उपयोग करते हुए लगातार प्रयास जारी रखे। पुलिस की इसी सक्रियता के चलते अगले ही दिन यानी 1 अप्रैल 2026 को बालिका को कालका क्षेत्र में काली माता मंदिर मुख्य मार्ग के पास से सकुशल बरामद कर लिया गया।

पुलिस जांच में सामने आया कि बालिका घर में परिजनों की डांट से नाराज़ होकर बिना बताए कालका चली गई थी और वहां अपने एक परिचित के घर ठहरी हुई थी। पुलिस ने बालिका को सुरक्षित बरामद कर उसके परिजनों को सौंप दिया है।

पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की कार्रवाई नियमानुसार जारी है। साथ ही, ऐसे मामलों में अभिभावकों और बच्चों के बीच संवाद बनाए रखने की भी आवश्यकता बताई गई है, जिससे इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Share this story