शिमला पुलिस की समीक्षा बैठक में निर्देश, नशा तस्करी के बड़े नेटवर्क और अवैध संपत्ति पर रहेगी सख्त नजर

WhatsApp Channel Join Now
शिमला पुलिस की समीक्षा बैठक में निर्देश, नशा तस्करी के बड़े नेटवर्क और अवैध संपत्ति पर रहेगी सख्त नजर


शिमला, 18 जुलाई (हि.स.)। शिमला जिला पुलिस की मासिक अपराध समीक्षा बैठक में मादक पदार्थों की तस्करी, महिलाओं से जुड़े अपराध, संपत्ति संबंधी मामलों और साइबर अपराधों की समीक्षा करते हुए पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों को लंबित मामलों का समयबद्ध निपटारा करने और गंभीर मामलों में जांच की गुणवत्ता बढ़ाने के निर्देश दिए। बैठक में विशेष रूप से मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़े मामलों में केवल बरामदगी तक सीमित नहीं रहने, बल्कि पूरे नेटवर्क तक पहुंचने और अवैध कमाई से बनाई गई संपत्तियों पर भी कार्रवाई करने पर जोर दिया गया।

पुलिस अधीक्षक की अध्यक्षता में शनिवार को आयोजित बैठक में जिले के सभी राजपत्रित अधिकारी, थाना प्रभारी और अन्य पुलिस अधिकारी शामिल हुए। पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों और कर्मचारियों से अनुशासित और पेशेवर कार्यशैली अपनाने, पुलिस वर्दी और अपने दायित्वों पर गर्व करने तथा लोगों को संवेदनशील और प्रभावी पुलिस सेवा देने के लिए पूरी प्रतिबद्धता से काम करने का आह्वान किया।

बैठक में जून महीने के दौरान जिले में दर्ज अपराधों और उनके रुझानों की विस्तार से समीक्षा की गई। एनडीपीएस अधिनियम के मामलों में प्रभावी जांच, बेहतर डिटेक्शन, बैकवर्ड लिंकेज के माध्यम से बड़े नेटवर्क तक पहुंचने और मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही वित्तीय जांच को प्राथमिकता देते हुए मादक पदार्थों की तस्करी से अर्जित अवैध संपत्तियों की पहचान कर उन्हें फ्रीज करने और जरूरत पड़ने पर पीआईटी-एनडीपीएस अधिनियम के तहत निवारक कार्रवाई करने के लिए भी कहा गया।

बैठक के दौरान महिलाओं से जुड़े अपराधों की जांच में संवेदनशील और पीड़ित-केंद्रित दृष्टिकोण अपनाने पर विशेष बल दिया गया। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि ऐसे मामलों में त्वरित, निष्पक्ष और गुणवत्तापूर्ण जांच सुनिश्चित की जाए। साथ ही लंबित मामलों की समीक्षा कर उनके शीघ्र निपटारे के निर्देश भी दिए गए।

संपत्ति संबंधी अपराधों, विशेषकर चोरी और सेंधमारी के मामलों में आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी, चोरी गए सामान की बरामदगी और मामलों के शीघ्र खुलासे पर भी जोर दिया गया। इसके अलावा साइबर पेट्रोलिंग को और प्रभावी बनाने, सोशल मीडिया और डिजिटल माध्यमों पर लगातार निगरानी रखने, कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए रात्रि गश्त, नाकाबंदी और अन्य निवारक उपायों को मजबूत करने के निर्देश दिए गए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Share this story