पांवटा साहिब में गंदगी से परेशान 400 परिवार, हाईवे जाम की चेतावनी

WhatsApp Channel Join Now
पांवटा साहिब में गंदगी से परेशान 400 परिवार, हाईवे जाम की चेतावनी


नाहन, 29 अप्रैल (हि.स.)। सिरमौर जिला के पांवटा साहिब की नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड नंबर 13 शिवा कॉलोनी में रहने वाले 400 से अधिक परिवार लंबे समय से गंदगी और बदबूदार पानी की समस्या से जूझ रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि कॉलोनी में हालात ऐसे हैं कि उन्हें सुबह से लेकर रात तक गंदे पानी के बीच रहना पड़ रहा है, जिससे उनका सामान्य जीवन प्रभावित हो गया है।

क्षेत्रवासियों के अनुसार कॉलोनी में जमा गंदा पानी अब गंभीर समस्या बन चुका है। इस पानी में कीड़े, मक्खी और मच्छर पनप रहे हैं, जिससे बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। लोगों का कहना है कि बच्चों और बुजुर्गों के लिए यह स्थिति खास तौर पर चिंता का कारण है।

स्थानीय निवासियों ने बताया कि वे इस समस्या को लेकर कई बार प्रशासनिक अधिकारियों से शिकायत कर चुके हैं। एसडीएम पांवटा साहिब सहित अन्य अधिकारियों को भी स्थिति से अवगत कराया गया है, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकल पाया है। लोगों का कहना है कि अधिकारी मौके पर भी आए, लेकिन इसके बावजूद हालात में कोई सुधार नहीं हुआ।

समाजसेवी नाथूराम चौहान ने इस स्थिति पर नाराजगी जताते हुए कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि लोग समय पर हाउस टैक्स और अन्य कर जमा कर रहे हैं, लेकिन बदले में उन्हें बुनियादी सुविधाएं भी नहीं मिल रही हैं। उनका कहना है कि सफाई व्यवस्था पूरी तरह से ठप है और गंदा पानी अब लोगों के घरों तक पहुंचने लगा है, जिससे उनका जीवन मुश्किल हो गया है।

इस समस्या से नाराज स्थानीय लोगों ने प्रशासन को चेतावनी दी है कि यदि जल्द समाधान नहीं किया गया तो वे विरोध प्रदर्शन करेंगे। नाथूराम चौहान और क्षेत्रवासियों ने कहा है कि वे गुरुवार सुबह 10 बजे तारूवाला रोड स्थित नेशनल हाईवे 707 पर चक्का जाम करेंगे। उनका कहना है कि अब उनके पास अपनी बात रखने के लिए धरना-प्रदर्शन और सड़क जाम के अलावा कोई दूसरा विकल्प नहीं बचा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर

Share this story