पांवटा साहिब में सड़कों की हालत खराब, सरकार नहीं ले रही सुध : विधायक सुखराम चौधरी

WhatsApp Channel Join Now

नाहन, 18 अक्टूबर (हि.स.)। सिरमौर जिले के पांवटा साहिब विधानसभा क्षेत्र में सड़कों की खराब हालत को लेकर भाजपा विधायक सुखराम चौधरी ने प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने आरोप लगाया कि पांवटा साहिब से उत्तराखंड को जोड़ने वाला प्रमुख मार्ग लंबे समय से जर्जर हालत में है। करीब 25 किलोमीटर लंबे इस मार्ग में पिछले चार वर्षों के दौरान केवल सात किलोमीटर हिस्से का ही पक्का निर्माण हो पाया है। शेष 18 किलोमीटर सड़क की हालत खराब है।

सुखराम चौधरी ने कहा कि यह मार्ग भेरेवाला, भुगरणी, शिवपुर, फूलपुर, बांगरण, पुरुवाला, खोरोवाला, मेरूवाला, भगानी और गोजर सहित कई ग्राम पंचायतों से होकर गुजरता है। इस सड़क पर जगह-जगह गहरे गड्ढे बने हुए हैं। इससे लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही है और राहगीरों के गिरकर घायल होने की घटनाएं भी हो रही हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार सड़क की हालत सुधारने पर ध्यान नहीं दे रही है। विधायक ने कहा कि उन्होंने सड़क की खराब स्थिति का मामला विधानसभा में भी उठाया था, लेकिन सरकार की ओर से उन्हें संतोषजनक जवाब नहीं मिला। उन्होंने प्रदेश सरकार की कार्यशैली और नीयत पर भी सवाल उठाए। उनके अनुसार, पांवटा साहिब क्षेत्र के दूसरे मार्गों की हालत भी खराब है। संबंधित सड़क को प्रमुख जिला मार्ग (एमडीआर) का दर्जा दिया गया है, लेकिन इसके बावजूद सड़क सुधार के लिए पर्याप्त काम नहीं हुआ है।

सुखराम चौधरी ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में वर्तमान में जो निर्माण कार्य हो रहे हैं, वे प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना या केंद्र सरकार की अन्य योजनाओं के तहत किए जा रहे हैं। उनके अनुसार प्रदेश सरकार की ओर से सड़कों के सुधार के लिए धनराशि आवंटित नहीं की जा रही है। उन्होंने कहा कि इस मार्ग से प्रतिदिन हजारों लोग आवाजाही करते हैं। इसके अलावा, खनन सामग्री से भरे भारी वाहन भी नियमित रूप से यहां से गुजरते हैं।

चौधरी ने कहा कि इतने अधिक यातायात और राजस्व अर्जन से जुड़े होने के बावजूद सड़क की खराब हालत पर सरकार मौन है। उन्होंने मार्ग की स्थिति को लेकर प्रदेश सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

763055 Articles

Share this story