पीएनबी आरसेटी मंडी में ब्यूटी पार्लर प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ

WhatsApp Channel Join Now
पीएनबी आरसेटी मंडी में ब्यूटी पार्लर प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ


मंडी, 23 फ़रवरी (हि.स.)। पंजाब नेशनल बैंक द्वारा संचालित ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान आरसेटी सियोगी पंडोह मंडी में ब्यूटी पार्लर प्रशिक्षण कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया गया। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम 23.02.2026 से 29.03.2026 तक कुल 35 दिनों तक चलेगा। कार्यक्रम का शुभारंभ पीएनबी के अग्रिम जिला प्रबंधक चंद्र प्रकाश एवं आरसेटी निदेशक सुरेन्द्र कुमार द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया।

इस अवसर पर आरसेटी संकाय स्वाति शर्मा, कार्यालय सहायक गोविन्द राम एवं संतोष कुमारी भी उपस्थित रहे। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में लगभग 25 प्रशिक्षु भाग ले रहे हैं। अपने संबोधन में अग्रिम जिला प्रबंधक चंद्र प्रकाश ने बताया कि यह प्रशिक्षण कार्यक्रम ग्रामीण विकास मंत्रालय, भारत सरकार के निर्देशानुसार आयोजित किए जा रहे हैं, जिनका उद्देश्य ग्रामीण युवाओं एवं महिलाओं को स्वरोजगार हेतु सक्षम बनाना है।

उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को ब्यूटी पार्लर संबंधी तकनीकी ज्ञान के साथ-साथ व्यक्तित्व विकास पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा। प्रशिक्षुओं को बाजार की मांग के अनुसार सेवाएं प्रदान करना, अनुशासन, लक्ष्य निर्धारण, आत्मविश्वास, प्रभावी संवाद कौशल, मार्केट प्रबंधन, लागत निर्धारण, मूल्य एवं लाभ की गणना, परियोजना रिपोर्ट तैयार करना, व्यवसाय में जोखिम प्रबंधन, बही-खातों का रख-रखाव तथा समय प्रबंधन के बारे में विस्तृत जानकारी दी जाएगी।

इस अवसर पर यह भी जानकारी दी गई कि आरसेटी से प्रशिक्षण प्राप्त कर अनेक बेरोजगार युवक-युवतियां अपना स्वयं का व्यवसाय स्थापित कर रहे हैं। प्रशिक्षण उपरांत इच्छुक अभ्यर्थियों को अपना कार्य प्रारम्भ करने हेतु बैंकों द्वारा ऋण सुविधा भी उपलब्ध करवाई जाती है। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रशिक्षुओं ने इस पहल के लिए बैंक प्रबंधन का आभार व्यक्त किया और प्रशिक्षण को अपने भविष्य के लिए महत्वपूर्ण अवसर बताया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

Share this story