पीएम मोदी के रिकॉर्ड कार्यकाल पर शिमला में हवन, भाजपा ने की दीर्घायु की कामना
शिमला, 10 जून (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भारत के इतिहास में सबसे लंबे समय तक लगातार सेवा देने वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने के अवसर पर बुधवार को शिमला के राम मंदिर में भाजपा की ओर से विशेष हवन और पूजन कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान प्रधानमंत्री के स्वस्थ, दीर्घ और सफल जीवन के साथ-साथ देश की निरंतर प्रगति की कामना की गई। कार्यक्रम में भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष और विधायक विनोद कुमार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विनोद कुमार ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जीवन राष्ट्रसेवा, समर्पण और जनकल्याण के लिए समर्पित रहा है। उन्होंने कहा कि लगातार तीन बार जनता का विश्वास हासिल कर प्रधानमंत्री बनना और सबसे लंबे समय तक निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में सेवा देना लोकतंत्र में लोगों के भरोसे का प्रतीक है। उनके अनुसार प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत ने दुनिया में अपनी एक नई पहचान स्थापित की है और विकसित भारत के लक्ष्य की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
विनोद कुमार ने कहा कि पिछले 12 वर्षों के दौरान केंद्र सरकार ने कई जनकल्याणकारी योजनाएं लागू की हैं। उन्होंने दावा किया कि मुफ्त राशन योजना के तहत करोड़ों लोगों को लाभ मिला है, जबकि प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, जल जीवन मिशन और स्वच्छता से जुड़ी योजनाओं ने लोगों के जीवन में बदलाव लाया है। उन्होंने कहा कि युवाओं के लिए कौशल विकास और स्टार्टअप को बढ़ावा देने के प्रयास किए गए हैं, वहीं किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि और अन्य योजनाओं के माध्यम से सहायता प्रदान की गई है।
उन्होंने यह भी कहा कि आयुष्मान भारत योजना के जरिए लोगों को स्वास्थ्य सुरक्षा मिली है और महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए विभिन्न योजनाएं चलाई गई हैं। उनके अनुसार भारत आज अर्थव्यवस्था, डिजिटल तकनीक, बुनियादी ढांचे, रक्षा और वैश्विक कूटनीति के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छू रहा है। उन्होंने अयोध्या में राम मंदिर निर्माण, काशी विश्वनाथ धाम, महाकाल लोक और केदारनाथ धाम के पुनर्विकास जैसे कार्यों का भी उल्लेख किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

