हिमाचल के 74 पीएम श्री स्कूलों में बनेंगे ओपन जिम

WhatsApp Channel Join Now
हिमाचल के 74 पीएम श्री स्कूलों में बनेंगे ओपन जिम


शिमला, 12 जून (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में स्कूली शिक्षा के साथ बच्चों की फिटनेस और स्वास्थ्य पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इसी दिशा में समग्र शिक्षा के तहत राज्य के 74 पीएम श्री विद्यालयों में ओपन जिम स्थापित किए जा रहे हैं। इन ओपन जिम के निर्माण पर करीब 2.70 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। इसके अलावा 14 कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों (केजीबीवी) में भी लगभग 70 लाख रुपये की लागत से ओपन जिम बनाए जा रहे हैं, ताकि छात्राओं को स्कूल परिसर में ही आधुनिक फिटनेस सुविधाएं मिल सकें।

समग्र शिक्षा निदेशक राजेश शर्मा ने शुक्रवार को ये जानकारी दी।

उन्होंने कहा कि इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों को नियमित शारीरिक गतिविधियों से जोड़ना, स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देना और स्कूलों में फिटनेस के प्रति सकारात्मक माहौल तैयार करना है। इसके जरिए बच्चों को पढ़ाई के साथ-साथ अपने स्वास्थ्य और शारीरिक क्षमता को बेहतर बनाने का अवसर मिलेगा।

राजेश शर्मा ने कहा कि पीएम श्री योजना के तहत स्कूलों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ खेल, स्वास्थ्य और आधुनिक आधारभूत सुविधाओं के विकास पर भी जोर दिया जा रहा है। उनका कहना है कि विद्यार्थियों का विकास केवल पढ़ाई तक सीमित नहीं होना चाहिए, उनके व्यक्तित्व, स्वास्थ्य और जीवन कौशल का भी समान रूप से विकास होना जरूरी है। ओपन जिम इसी सोच का हिस्सा हैं, जिससे बच्चों को स्कूल परिसर में ही व्यायाम और फिटनेस गतिविधियों की सुविधा मिल सकेगी।

समग्र शिक्षा निदेशक राजेश शर्मा ने आगे हा कि स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मन का विकास संभव है। उन्होंने कहा कि पीएम श्री विद्यालयों और कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों में ओपन जिम स्थापित करना विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उनके अनुसार इससे बच्चों में फिटनेस, अनुशासन और स्वस्थ जीवनशैली की आदत विकसित होगी, जो उनके भविष्य के लिए मजबूत आधार तैयार करेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Share this story