पहली बार दौड़ा ‘पिंक इलेक्ट्रिक ऑटो’, महिलाओं की सुरक्षा और पर्यावरण संरक्षण को पांवटा से नई पहल

WhatsApp Channel Join Now
पहली बार दौड़ा ‘पिंक इलेक्ट्रिक ऑटो’, महिलाओं की सुरक्षा और पर्यावरण संरक्षण को पांवटा से नई पहल


नाहन, 01 सितंबर (हि.स.)। महिलाओं की सुरक्षा और पर्यावरण संरक्षण को लेकर पांवटा साहिब से हिमाचल प्रदेश के लिए एक नई पहल शुरू हुई है। प्रदेश में पहली बार पिंक इलेक्ट्रिक ऑटो सेवा का शुभारंभ किया गया। पांवटा साहिब बस स्टैंड से आरटीओ सोना चंदेल ने हरी झंडी दिखाकर पिंक इलेक्ट्रिक ऑटो को रवाना किया।

पिंक रंग के इस इलेक्ट्रिक ऑटो का उद्देश्य महिलाओं को सुरक्षित और सुविधाजनक परिवहन उपलब्ध करवाना है। खास बात यह है कि इलेक्ट्रिक वाहन होने के कारण यह पहल प्रदूषण कम करने और पर्यावरण को स्वच्छ रखने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

आरटीओ सोना चंदेल ने बताया कि महिलाओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पिंक इलेक्ट्रिक ऑटो की शुरुआत की गई है। वहीं पुरुष ऑटो चालकों के लिए भी सामान्य इलेक्ट्रिक ऑटो उपलब्ध करवाए गए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिन ऑटो चालकों के पास पहले से परमिट हैं, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर इलेक्ट्रिक ऑटो उपलब्ध करवाने की व्यवस्था की जा रही है।

पांवटा साहिब से शुरू हुई यह पहल केवल शहर तक सीमित नहीं है, बल्कि महिला सुरक्षा, स्वच्छ परिवहन और इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने की दिशा में हिमाचल के लिए एक नया मॉडल बन सकती है। पेट्रोल-डीजल के बढ़ते खर्च और प्रदूषण के बीच इलेक्ट्रिक ऑटो को बढ़ावा देने से आम लोगों को भी राहत मिलने की उम्मीद है।बस स्टैंड से पिंक इलेक्ट्रिक ऑटो के पहियों ने जैसे ही रफ्तार पकड़ी, पांवटा साहिब में महिला सुरक्षा और हरित परिवहन के एक नए अध्याय की शुरुआत हो गई। अब पांवटा की सड़कों पर सिर्फ ऑटो नहीं दौड़ेगा, बल्कि पिंक इलेक्ट्रिक ऑटो महिलाओं के सुरक्षित सफर और स्वच्छ हिमाचल का संदेश भी देगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर

Share this story