डिपुओं में राशन महंगा करने पर भड़का मजदूर संघ, बढ़ोतरी वापस लेने की मांग

WhatsApp Channel Join Now


शिमला, 29 नवंबर (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) के तहत डिपुओं में मिलने वाले राशन की कीमतें बढ़ाने के सरकार के फैसले का भारतीय मजदूर संघ ने कड़ा विरोध किया है। संगठन ने इसे पिछले चार वर्षों में राशन की दरों में हुई सबसे बड़ी बढ़ोतरी बताते हुए मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से इसे तुरंत वापस लेने की मांग की है। संगठन का कहना है कि राशन की कीमतें बढ़ने से प्रदेश के करीब 19.50 लाख राशन कार्ड धारकों पर सीधा आर्थिक बोझ पड़ेगा।

सरकार ने पहली दिसंबर 2026 से डिपुओं में मिलने वाले राशन की नई दरें लागू करने का निर्णय लिया है। भारतीय मजदूर संघ के अनुसार इस बढ़ोतरी के तहत चीनी की कीमत में 54 प्रतिशत, गेहूं के आटे में 21 प्रतिशत और चावल की कीमत में 15 प्रतिशत तक की वृद्धि हुई है। एपीएल परिवारों के लिए चीनी की कीमत 33 रुपये से बढ़ाकर 35 रुपये प्रति किलो की गई है। वहीं, राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम (एनएफएसए) के तहत आने वाले गरीब परिवारों के लिए चीनी की कीमत 13 रुपये से बढ़ाकर 20 रुपये प्रति किलो कर दी गई है। एपीएल गेहूं के आटे की पुरानी दर 12 रुपये प्रति किलो बताई गई है।

भारतीय मजदूर संघ के प्रदेश अध्यक्ष मदन राणा, उप महामंत्री देवीदत्त तनवर, कोषाध्यक्ष अमीचंद डोगरा, उपाध्यक्ष दिनेश शर्मा और रमेश राणा, सुषमा शर्मा, सचिव नेकराम, नरेश ठाकुर, सुमना, राजू भारद्वाज और मीडिया प्रभारी प्रदीप तोमर ने रविवार को संयुक्त बयान जारी कर इस बढ़ोतरी का विरोध किया है।

प्रदेश महामंत्री यश पाल हेटा ने कहा कि पिछले चार वर्षों में हिमाचल प्रदेश में राशन की कीमतों में एक साथ इतनी बड़ी बढ़ोतरी नहीं की गई। प्रदेश के गरीब, मजदूर, कर्मचारी, पेंशनर और मध्यम वर्ग के परिवार पहले ही महंगाई से परेशान हैं। बिजली, पानी, बस किराये और रोजमर्रा की जरूरतों की चीजों के दाम बढ़ने से लोगों का घरेलू बजट प्रभावित हो रहा है। ऐसे में डिपुओं के राशन की कीमतें बढ़ाना आम परिवारों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डालने जैसा है।

उन्होंने कहा कि एनएफएसए के तहत आने वाले गरीब परिवारों के लिए चीनी की कीमत 13 रुपये से सीधे 20 रुपये प्रति किलो करना विशेष रूप से चिंता का विषय है। सरकार से गरीब परिवारों को सस्ता राशन उपलब्ध कराने की अपेक्षा रहती है, लेकिन कीमतें बढ़ने से उन्हें मिलने वाली राहत कम होगी।

पुरानी दरों पर राशन देने की मांग

भारतीय मजदूर संघ ने मुख्यमंत्री से पहली दिसंबर से लागू होने वाली नई दरों पर रोक लगाने और पुरानी कीमतों पर ही राशन उपलब्ध करवाने की मांग की है। संगठन का कहना है कि सरकार को राशन पर सब्सिडी बढ़ानी चाहिए, न कि उसे कम करने वाले कदम उठाने चाहिए।

संघ ने चेतावनी दी है कि यदि सरकार ने राशन की कीमतों में की गई बढ़ोतरी वापस नहीं ली तो प्रदेशभर में मजदूरों, कर्मचारियों और राशन कार्ड धारकों को साथ लेकर आंदोलन किया जाएगा। यह आंदोलन डिपुओं से लेकर सचिवालय तक चलाया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

785118 Articles

Share this story