पंचायत और नगर निकाय चुनाव मजबूती से लड़े कांग्रेस : रजनी पाटिल

WhatsApp Channel Join Now

शिमला, 16 अप्रैल (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कार्यसमिति की गुरुवार को आयोजित पहली बैठक में अखिल भारतीय कांग्रेस कार्यसमिति की सदस्य और प्रदेश मामलों की प्रभारी रजनी पाटिल ने पार्टी पदाधिकारियों से आगामी पंचायत और नगर निकाय चुनावों को पूरी मजबूती और एकजुटता के साथ लड़ने का आह्वान किया है।

उन्होंने कहा कि इन चुनावों के जरिए संगठन को जमीनी स्तर पर और मजबूत करने का बड़ा अवसर है और पार्टी से जुड़े अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं को चुनावी प्रक्रिया में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।

प्रदेश कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक को संबोधित करते हुए रजनी पाटिल ने कहा कि कांग्रेस आज देश में उस विचारधारा के खिलाफ संघर्ष कर रही है जो संविधान को कमजोर करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस केवल भाजपा से ही नहीं, बल्कि संविधान की रक्षा के लिए चुनाव आयोग और एसआईआर जैसे संस्थानों से भी लड़ाई लड़ रही है। उन्होंने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाते हुए इसे दुर्भाग्यपूर्ण बताया।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस “एक व्यक्ति, एक पद” के सिद्धांत पर काम कर रही है और संगठन सृजन अभियान के तहत प्रदेश में जिला अध्यक्षों की नियुक्तियां की गई हैं। उन्होंने यह भी कहा कि प्रदेश के लिए यह खुशी की बात है कि एक जिला अध्यक्ष अनुराग शर्मा को राज्यसभा भेजा गया है, जो पार्टी नेतृत्व की कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ाने की सोच को दर्शाता है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार ने बैठक में कहा कि जल्द ही ब्लॉक कांग्रेस कमेटियों की घोषणा कर दी जाएगी। उन्होंने जिला और ब्लॉक अध्यक्षों से बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने को कहा। उन्होंने जिला अध्यक्षों से 25 से 30 सदस्यों की ऐसी समितियां बनाने का भी आग्रह किया, जिनमें अग्रणी संगठनों से जुड़े लोगों को शामिल किया जाए, ताकि संगठन की पकड़ मजबूत हो सके।

उन्होंने यह भी कहा कि संगठन में पदाधिकारियों के कार्यों की समय-समय पर समीक्षा की जाएगी और उनके प्रदर्शन के आधार पर आगे की जिम्मेदारियां तय की जाएंगी।

प्रदेश संगठन महासचिव विनोद जिंटा ने बताया कि प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में एक “कनेक्ट सेंटर” स्थापित किया गया है, जो पदाधिकारियों के कार्यों की नियमित समीक्षा करेगा। उन्होंने संगठन में अनुशासन बनाए रखने और बैठकों में समय पर उपस्थित रहने पर भी जोर दिया।

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव और प्रदेश मामलों के सह-प्रभारी विदित चौधरी ने पदाधिकारियों से आपसी समन्वय बढ़ाने और अपनी संगठनात्मक ताकत को पहचानते हुए मिलकर काम करने की अपील की। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती के लिए सभी को संयुक्त प्रयास करने होंगे।

बैठक से पहले आयोजित पॉलिटिकल अफेयर्स कमेटी की बैठक में भी रजनी पाटिल ने पंचायती राज संस्थाओं और नगर निकाय चुनावों को लेकर पार्टी की रणनीति पर चर्चा की और इन चुनावों को पूरी ताकत के साथ लड़ने पर जोर दिया। कार्यसमिति बैठक में जिला अध्यक्षों, महासचिवों और उपाध्यक्षों ने भी संगठन को मजबूत बनाने को लेकर अपने सुझाव रखे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील शुक्ला

Share this story