धार्मिक प्रतीकों के चलते पटवारी परीक्षा देने से रोके जाने का आरोप, सिख समुदाय में रोष

WhatsApp Channel Join Now
धार्मिक प्रतीकों के चलते पटवारी परीक्षा देने से रोके जाने का आरोप, सिख समुदाय में रोष


नाहन, 27 नवंबर (हि.स.)। सोलन में पटवारी भर्ती परीक्षा देने पहुंचे एक सिख युवक को धार्मिक प्रतीक कड़ा और कृपाण पहनने के कारण परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं देने का आरोप सामने आया है। इस घटना के बाद सिख समुदाय में भारी रोष देखने को मिल रहा है। परीक्षा देने पहुंचे युवक जश्नदीप सिंह का कहना है कि धार्मिक प्रतीकों को उतारने की बात कहकर उन्हें परीक्षा देने से रोक दिया गया, जिसके चलते वह परीक्षा में शामिल नहीं हो सके।

पोंटा निवासी जश्नदीप सिंह ने बताया कि इससे पहले भी वह कई परीक्षाएं दे चुके हैं और उन परीक्षाओं में कड़ा व कृपाण पहनकर परीक्षा में शामिल हुए थे। लेकिन पटवारी भर्ती परीक्षा के दौरान उन्हें पहली बार इस तरह की स्थिति का सामना करना पड़ा। उन्होंने कहा कि परीक्षा केंद्र में उनसे कड़ा और कृपाण उतारने को कहा गया, जो उनकी धार्मिक मान्यताओं के विरुद्ध है।

जश्नदीप सिंह ने इस घटना पर नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि सिख धर्म में कड़ा और कृपाण धार्मिक आस्था एवं पहचान से जुड़े प्रतीक हैं। उन्होंने कहा कि जब देश और धर्म की रक्षा की बात आती है तो सिख समुदाय हमेशा अग्रणी भूमिका निभाता रहा है, लेकिन आज धार्मिक प्रतीकों के कारण एक सिख युवक को परीक्षा से वंचित होना पड़ा, जो बेहद दुखद है।

उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि धार्मिक आस्था और शिक्षा के बीच इस तरह की स्थिति पैदा होना चिंता का विषय है। परीक्षा में शामिल होने का अवसर नहीं मिल पाने से उन्हें मानसिक पीड़ा हुई है। इस घटना को लेकर सिख समुदाय में नाराजगी है और मामले को लेकर उचित समाधान की मांग उठ रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

784351 Articles

Share this story