पठानकोट से चंबा तक रेललाइन की मांग, सांसद हर्ष महाजन ने रेल मंत्री से मांगा सर्वेक्षण

WhatsApp Channel Join Now
पठानकोट से चंबा तक रेललाइन की मांग, सांसद हर्ष महाजन ने रेल मंत्री से मांगा सर्वेक्षण


पठानकोट से चंबा तक रेललाइन की मांग, सांसद हर्ष महाजन ने रेल मंत्री से मांगा सर्वेक्षण


शिमला, 28 नवंबर (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश के आकांक्षी जिला चंबा को रेल नेटवर्क से जोड़ने की दिशा में भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं राज्यसभा सांसद हर्ष महाजन ने पहल की है। उन्होंने केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र लिखकर पठानकोट से चंबा तक नई रेलवे लाइन बिछाने के लिए विस्तृत व्यवहार्यता सर्वेक्षण करवाने का आग्रह किया है। साथ ही इस परियोजना को रेलवे की आगामी विकास योजनाओं में प्राथमिकता देने की मांग की है।

हर्ष महाजन ने शनिवार को कहा कि चंबा प्रदेश के दुर्गम और पिछड़े जिलों में शामिल है। पठानकोट से चंबा की दूरी करीब 125 किलोमीटर है, लेकिन भौगोलिक परिस्थितियों के कारण जिला अभी तक रेल संपर्क से नहीं जुड़ पाया है। पठानकोट रेलवे स्टेशन और रेलवे डिवीजन के माध्यम से चंबा को रेल नेटवर्क से जोड़ना क्षेत्र के विकास के लिए महत्वपूर्ण साबित हो सकता है।

उन्होंने कहा कि प्रस्तावित रेललाइन से डलहौजी, खज्जियार, भरमौर, पांगी, चुराह और भटियात सहित पूरे जिले को लाभ मिलेगा। देश के विभिन्न हिस्सों से आने वाले पर्यटकों को आवागमन की बेहतर सुविधा मिलेगी। इससे पर्यटन कारोबार को बढ़ावा मिलने के साथ स्थानीय अर्थव्यवस्था मजबूत होगी और युवाओं के लिए रोजगार व स्वरोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।

महाजन ने कहा कि चंबा प्राकृतिक सुंदरता, ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत तथा धार्मिक पर्यटन के लिए विशेष पहचान रखता है। सामरिक दृष्टि से भी यह जिला महत्वपूर्ण है। रेल संपर्क स्थापित होने से स्थानीय लोगों का देश के प्रमुख शहरों तक पहुंचना आसान होगा और जिले की आर्थिक गतिविधियों को गति मिलेगी।

उन्होंने रेल मंत्री से परियोजना का व्यवहार्यता सर्वेक्षण और जरूरी प्रारंभिक अध्ययन करवाने का आग्रह किया है। महाजन ने विश्वास जताया कि केंद्र सरकार इस प्रस्ताव पर सकारात्मक कदम उठाएगी और चंबा को रेल नेटवर्क से जोड़ने की दिशा में प्रगति होगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

784674 Articles

Share this story