शिमला में 3 नवंबर को लगेगी पासपोर्ट अदालत, लंबित मामलों के समाधान का मिलेगा मौका
शिमला, 13 अक्टूबर (हि.स.)। पासपोर्ट बनवाने में आ रही समस्याओं और लंबित आवेदनों के समाधान के लिए क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय शिमला में 3 नवंबर को पासपोर्ट अदालत का आयोजन किया जाएगा। यह अदालत सुबह 9:30 बजे से शाम 4:30 बजे तक क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय, रेलवे बोर्ड बिल्डिंग, द मॉल, शिमला में लगेगी। इसमें उन आवेदकों को अपनी समस्याएं रखने का अवसर मिलेगा, जिन्होंने पासपोर्ट सेवाओं के लिए आवेदन किया है, लेकिन किसी आपत्ति या अन्य कारण से उन्हें पासपोर्ट नहीं मिल पाया है।
क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार आवेदक बिना पूर्व नियुक्ति के सीधे कार्यालय पहुंच सकते हैं। उन्हें अपने मामले से संबंधित सभी जरूरी मूल दस्तावेज साथ लाने होंगे। कार्यालय का उद्देश्य आवेदकों की समस्याओं का उसी दिन समाधान करना है।
पासपोर्ट सेवा केंद्र शिमला में जिन आवेदकों की फाइलें आगे की दस्तावेजी प्रक्रिया के लिए रोकी गई हैं, वे भी 3 नवंबर को पासपोर्ट अदालत में पहुंच सकते हैं। ऐसे आवेदकों को आवश्यक दस्तावेजों के साथ सुबह 9:30 बजे से शाम 4:30 बजे के बीच क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय में उपस्थित होना होगा।
कार्यालय ने 31 मार्च 2026 तक प्राप्त आवेदनों के संबंध में भी जरूरी सूचना जारी की है। इन आवेदनों से संबंधित आवेदकों को आवश्यक दस्तावेजों के साथ कार्यालय में उपस्थित होने को कहा गया है। ऐसा नहीं करने पर संबंधित आवेदन फाइलें बंद कर दी जाएंगी।
पासपोर्ट संबंधी आपत्तियों के कारण लंबित मामलों वाले आवेदकों के लिए यह अदालत अपने दस्तावेजों और आवेदन की स्थिति स्पष्ट करने का अवसर होगी। आवेदकों को सलाह दी गई है कि वे अपने मामले से संबंधित सभी जरूरी दस्तावेज साथ लेकर निर्धारित समय के भीतर क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय पहुंचें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

