पर्यावरण बचाओ अभियान : तीन जिलों में हजारों पौधे लगाएंगी साक्षरता समिति
मंडी, 03 अगस्त (हि.स.)। मंडी साक्षरता एवम् जन विकास समिति हर वर्ष की भांति इस बार 11 जुलाई से 15 अगस्त 2026 तक पर्यावरण बचाओ अभियान चला रही है। समिति के महासचिव भीम सिंह ने बताया कि भारतीय जीवन बीमा निगम के सहयोग से 50हजार रूपए के फलदार पौधे वितरित किए गए। जिसमें नींबू, आम, लिच्ची व मौसमी शामिल है। इसके साथ ही में वन विभाग के सहयोग से जंगली फलदार पौधे व देवदार के 10 हजार पौधे लगाने का लक्ष्य रखा है।
वहीं पर अंशुमाला गुप्ता के सहयोग से जो मंडी में संपूर्ण साक्षरता अभियान में कार्य कर चुकी हैं। इनके द्वारा देश भर में घास लगवाया जा रहा है। इनके सहयोग से समिति ने खुजराहो मध्यप्रदेश से पांच हजार पौधे खस घास के मंगवाए हैं। इस बार बरसात में किसानों को जहां भी हो सके खस घास लगानी चाहिए। बारिश के मौसम में एक ही बार घनी और बड़ी हो जाती है, आसपास की मिट्टी को बहुत उपजाऊ बनाती है। यही नहीं मिट्टी में कार्बन और सुक्ष्म जीवों की गतिविधियां बढ़ाती है। इसके अलावा मिट्टी कटाव भी रोकती है, और भी चारा देती है, यह बारिश का पानी जमीन में गहरे उतारती है। कोई और पौधा एक साथ इतनी सेवाएं नहीं देता। उन्होंने बताया कि खस घास भारत को प्रकृति का वरदान है, अगर हम उसका मूल्य समझ पाए।
मंडी साक्षरता एवम् जन विकास समिति कुल्लू, मंडी, हमीरपुर तीन जिलाें में पर्यावरण बचाओ अभियान चला रही है। इसमें महिला मंडल,स्वयं सहायता समूहों, बीमा सखियों व वन विभाग का भरपुर सहयोग मिल रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

