डीएवी सीपीएस मंडी में शैक्षणिक उत्कृष्टता और समग्र विकास पर अभिभावक अभिविन्यास कार्यक्रम का आयोजन

WhatsApp Channel Join Now
डीएवी सीपीएस मंडी में शैक्षणिक उत्कृष्टता और समग्र विकास पर अभिभावक अभिविन्यास कार्यक्रम का आयोजन


मंडी, 11 जुलाई (हि.स.)। डीएवी सेंटेनरी सेंटेनरी स्कूल मंडी में एक पेरेंट ओरिएंटेशन प्रोग्राम का आयोजन किया गया। स्कूल के मुख्य भवन में छात्रों के समग्र विकास और शैक्षणिक सफलता में अभिभावकों तथा स्कूल की साझेदारी को मजबूत करने के उद्देश्य से इस विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्य वक्ता के रूप में प्रख्यात प्रेरक वक्ता और करियर काउंसलर डॉ. प्रमोद पाठक, विद्यालय के स्पेशल काउंसलर गौरव ओबेरॉय सहित मौजूद रहे।

कार्यक्रम में मुख्य वक्ता डॉ. प्रमोद पाठक ने शैक्षणिक उत्कृष्टता की ओर दिव्य आत्माओं का मार्ग प्रशस्त करना विषय पर बोलते हुए बच्चों के भविष्य को संवारने में माता-पिता की अपरिहार्य भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने इस बात पर विशेष जोर दिया कि शैक्षणिक उत्कृष्टता तभी हासिल की जा सकती है। जब इसे मजबूत मूल्यों, अनुशासन, भावनात्मक कल्याण और घर के सकारात्मक माहौल का सहयोग मिले।

डॉ. पाठक ने माता-पिता को प्रभावी पेरेंटिंग, बच्चों की अनूठी क्षमता को समझने, और उनमें आत्मविश्वास व लचीलापन विकसित करने के व्यावहारिक गुण सिखाए। इसी क्रम में, विद्यालय के स्पेशल काउंसलर गौरव ओबेरॉय ने भी एक महत्वपूर्ण सत्र लिया और विद्यार्थियों के ब्रेन के बारे में जानकारी दी।

उन्होंने बच्चों के अंदर एकाग्रता की कमी, स्थिरता की कमी आदि के बारे में विस्तार से बताया। गौरव ओबेरॉय ने विशेष रूप से आगाह किया कि मोबाइल पर रील देखने से बच्चों के ब्रेन में स्थिरता की कमी आती है। इसलिए उन्होंने शॉर्ट रील्स के बजाय लॉन्ग वीडियो, कहानी आदि को प्रेफर करने की सलाह दी। साथ ही उन्होंने बहुत सी ऐसी तकनीकें भी बताईं ताकि बच्चों का सर्वांगीण विकास हो सके। सत्र के उपरांत अभिभावकों ने डॉ. प्रमोद पाठक और गौरव ओबेरॉय से अपने बच्चों से संबंधित अनेक प्रश्न पूछे, जिसके उत्तर उन्हें बताकर संतुष्ट किया। इस अवसर पर स्कूल के प्रधानाचार्य के. एस. गुलेरिया ने मुख्य वक्ता डॉ. प्रमोद पाठक और स्पेशल काउंसलर गौरव ओबेरॉय के प्रति आभार व्यक्त किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

Share this story