पंडोह बांध में कूद कर आत्महत्या करने निकले युवक को पुलिस ने बचाया

WhatsApp Channel Join Now
पंडोह बांध में कूद कर आत्महत्या करने निकले युवक को पुलिस ने बचाया


शिमला, 18 नवंबर (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में पंडोह बांध के पास आत्महत्या करने की कोशिश कर रहे एक युवक को प्रदेश पुलिस ने समय रहते बचा लिया। युवक ने अपनी मां को वीडियो कॉल कर पंडोह बांध से छलांग लगाने की बात कही थी। मां की ओर से आपातकालीन नंबर 112 पर सूचना मिलने के बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की और तलाशी अभियान चलाकर युवक को सुरक्षित ढूंढ निकाला। इसके बाद उसे स्वास्थ्य जांच के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पंडोह ले जाया गया।

प्रदेश पुलिस के एक प्रवक्ता ने बुधवार को यह जानकरी दी।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार 17 नवम्बर को बंदना नाम की महिला ने ERSS-112 पर फोन कर बताया कि उनके बेटे ने उन्हें वीडियो कॉल की है और पंडोह बांध से छलांग लगाने की इच्छा जताई है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए ERSS-112 के कॉल टेकर ने मामले को आत्महत्या के प्रयास से जुड़ी आपातकालीन घटना के रूप में दर्ज किया। इस घटना को इवेंट आईडी दिया गया और तुरंत पुलिस चौकी पंडोह को सूचना भेजी गई।

सूचना मिलते ही पुलिस चौकी पंडोह की टीम मौके पर पहुंची और बांध के आसपास युवक की तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बाद पुलिस ने युवक को ढूंढ लिया। उसकी पहचान आशीष के रूप में हुई है। पुलिस टीम उसे तत्काल स्वास्थ्य जांच के लिए सीएचसी पंडोह ले गई। चिकित्सकीय जांच के बाद उसके परिजनों को सूचना दी गई और उन्हें पुलिस चौकी पंडोह बुलाया गया। आवश्यक चिकित्सा देखभाल के बाद आशीष को सुरक्षित उसके परिजनों के हवाले कर दिया गया।

पुलिस के अनुसार इस घटना में मां की ओर से समय पर दी गई सूचना, ERSS-112 के कॉल टेकर की तत्परता और पुलिस चौकी पंडोह की टीम के त्वरित समन्वय से एक संभावित हादसा टल गया।

हिमाचल पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी आपातकालीन या जीवन के लिए खतरा पैदा करने वाली स्थिति में तुरंत 112 नंबर पर फोन करें। समय पर दी गई सूचना किसी की जान बचाने में मददगार हो सकती है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

778973 Articles

Share this story