जयराम ठाकुर ने जंजैहली में किया पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान का शुभारंभ

WhatsApp Channel Join Now
जयराम ठाकुर ने जंजैहली में किया पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान का शुभारंभ


मंडी, 06 मार्च (हि.स.)। पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने अपने गृह विधानसभा क्षेत्र सराज के प्रवास के दौरान शुक्रवार को जंजैहली पहुंचकर पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान का विधिवत शुभारंभ किया और कार्यकर्ताओं को संगठन की मजबूती का नया मंत्र दिया। जंजैहली पहुंचने पर भाजपा मंडल के कार्यकर्ताओं द्वारा किए गए भव्य स्वागत के बीच जयराम ठाकुर ने सीधे जनसंवाद स्थापित किया, जहां मंडल अध्यक्ष भीष्म ठाकुर की उपस्थिति में स्थानीय लोगों ने वर्तमान कांग्रेस सरकार द्वारा सराज क्षेत्र की अनदेखी और विकास कार्यों की धीमी गति को लेकर अपनी पीड़ा साझा की।

जयराम ठाकुर ने न केवल आपदा प्रभावितों की लंबित समस्याओं को गौर से सुना बल्कि उन्हें जल्द समाधान का भरोसा भी दिलाया, साथ ही प्रदेश सरकार पर विकास विरोधी होने का आरोप लगाते हुए कहा कि सराज की जनता के हक को किसी भी सूरत में रुकने नहीं दिया जाएगा। प्रशिक्षण शिविर के दौरान उन्होंने पार्टी की विचारधारा और बूथ स्तर तक संगठन की कार्यप्रणाली को अभेद्य बनाने पर जोर दिया और कार्यकर्ताओं को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हो रहे ऐतिहासिक कार्यों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।

उन्होंने स्पष्ट किया कि सराज में जो विकास की रूपरेखा भाजपा सरकार के समय तैयार की गई थी, उसे वर्तमान सरकार की अनदेखी के बावजूद अधूरा नहीं रहने दिया जाएगा और वे हर मंच पर क्षेत्र की आवाज बुलंद करते रहेंगे। इस अवसर पर उनके साथ मंडी जिला सह-प्रभारी भीमसेन शर्मा, जिला महामंत्री मांचली ठाकुर, कर्णवीर कौंडल और जिला प्रवक्ता प्रताप ठाकुर भी उपस्थित रहे।

राजनीतिक व्यस्तताओं के बीच जयराम ठाकुर ने सामाजिक दायित्वों का निर्वहन करते हुए भाजपा के वयोवृद्ध कार्यकर्ता कातकु राम के निधन पर शिकावरी स्थित उनके निवास जाकर शोक प्रकट किया और साथ ही रहीधार गांव के निवासी योगराज के पुत्र की सड़क दुर्घटना में हुई असामयिक मृत्यु पर शोकाकुल परिवार को सांत्वना दी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

Share this story