मंडी जिला परिषद के लिए नामांकन प्रक्रिया शुरू,पहले दिन 46 उम्मीदवारों ने भरे नामांकन
मंडी, 07 मई (हि.स.)। मंडी जिला में पंचायतीराज संस्थाओं के नामांकन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। जिला परिषद के वार्ड नंबर 7, 8, 30 और 31 के लिए नामांकन प्रक्रिया के पहले दिन कुल तीन उम्मीदवारों ने अपने नामांकन पत्र दाखिल किए। सहायक रिटर्निंग अधिकारी एवं एसडीएम मंडी सदर रूपिन्द्र कौर ने बताया कि वार्ड नंबर सात स्योग से कोई नामांकन पत्र दाखिल नहीं हुआ। जबकि वार्ड नंबर 8 कटौला से शेर सिंह और शुभम शर्मा ने नामांकन भरे। वहीं वार्ड नंबर 30 सदयाणा से कोई नामांकन नहीं हुआ। उसी प्रकार वार्ड नंबर 31 कोटली से हेम लता ने अपना नामांकन पत्र दाखिल किया।
उन्होंने बताया कि 8 और 11 मई को भी सुबह 11 बजे से सायं 3 बजे तक नामांकन पत्र दाखिल किए जा सकेंगे। नामांकन पत्रों की जांच 12 मई को की जाएगी, जबकि नाम वापसी की प्रक्रिया 14 और 15 मई को पूरी होगी। उसी प्रकार बल्ह उपमंडल के अंतर्गत आने वाले जिला परिषद वार्ड नंबर 24-गोड़ा गागल, 25-बैहल तथा 26-लोअर रिवालसर के लिए पहले दिन कुल सात नामांकन पत्र दाखिल हुए। वार्ड नंबर 24-गोड़ा गागल से अनिल कुमार ने नामांकन दाखिल किया। वार्ड नंबर 25-बैहल से संजय कुमार, दिलीप, कुलदीप सिंह और सीता राम ने अपने नामांकन पत्र भरे, जबकि वार्ड नंबर 26-लोअर रिवालसर से रोशन लाल और दुष्यंत कुमार ने नामांकन दाखिल किए।
उसी प्रकार उपमंडल जोगिंदरनगर में तीन जिला परिषद वार्ड सदस्यों के चुनाव के लिए कुल छह लोगों ने अपने-अपने नामांकन पत्र दाखिल किए हैं। जिनमें भडयाड़ा से एक नामांकन, नेरघरवासड़ा से तीन तथा लांगणा जिला परिषद वार्ड से दो लोगों ने अपना नामांकन दाखिल किया।
सहायक रिटर्निंग अधिकारी एवं एसडीएम जोगिंदर नगर मनीश चौधरी ने बताया कि नामांकन के पहले दिन उनके कार्यालय में जिला परिषद के तीन वार्ड सदस्यों के लिए कुल छह लोगों ने अपने- अपने नामांकन दाखिल किए हैं। जिनमें भडयाड़ा वार्ड से एक नामांकन, नेरघरवासड़ा वार्ड से तीन तथा लांगणा जिला परिषद वार्ड से दो लोगों ने अपना नामांकन दाखिल किया। जोगिंदर नगर के नेरघरवासड़ा जिला परिषद वार्ड से दक्षा देवी, बिंदुबाला व अनीता जबकि भडयाड़ा वार्ड से अमर सिंह ने नामांकन दाखिल किया। इसी तरह लांगणा वार्ड से राखी देवी व रजनी देवी ने अपना - अपना नामांकन भरा है।
सरकाघाट में जिला परिषद के चार वार्डों के लिए कुल 7 प्रत्याशियों ने अपने नामांकन पत्र दाखिल किए।
सहायक निर्वाचन अधिकारी पंचायत एवं एसडीएम सरकाघाट राजेंद्र कुमार गौतम ने बताया कि जिला परिषद वार्ड नंबर 27-कोट से दो नामांकन पत्र प्राप्त हुए हैं। इनमें लता देवी ठाकुर पत्नी राजेंद्र कुमार तथा सुष्मिता शर्मा पत्नी मनोज कुमार शर्मा ने अपने नामांकन पत्र दाखिल किए। उन्होंने बताया कि वार्ड नंबर 28-भांबला से भी दो नामांकन दर्ज हुए हैं, जिनमें रिंकू पत्नी जगदीप सिंह तथा राज कुमारी पत्नी अजय कुमार शामिल हैं। वार्ड नंबर 29-थौना से अंजनी देवी पत्नी काली दास ने अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। इसी प्रकार वार्ड नंबर 33-नबाही से भी दो उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र भरे, जिनमें श्याम लाल पुत्र हरिया राम तथा सरसा देवी पत्नी बुधी राम शामिल हैं।
वहीं सुंदरनगर में जिला परिषद सदस्य पद के लिए सहायक निर्वाचन अधिकारी एवं एसडीएम सुंदरनगर अमर नेगी के समक्ष तीन उम्मीदवारों ने अपने नामांकन पत्र दाखिल किए।
एसडीएम सुंदरनगर अमर नेगी ने बताया कि जिला परिषद मंडी के अंतर्गत निर्वाचन क्षेत्र 19-डैहर से रोशन लाल एवं कर्म चंद तथा निर्वाचन क्षेत्र 21-खिलड़ा से नारायण सिंह ने अपने नामांकन पत्र दाखिल किए।
चुनाव नामांकन प्रक्रिया शुरू होने के पहले दिन करसोग में जिला परिषद सदस्य पद के लिए 10 उम्मीदवारों ने अपने नामांकन पत्र भरे हैं।
सहायक रिटर्निंग अधिकारी एवं एसडीएम करसोग गौरव महाजन ने बताया कि जिला परिषद् सदस्य पद के लिए नामांकन प्रक्रिया के पहले दिन करसोग क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले जिला परिषद् के सभी वार्डों से प्रत्याशियों ने अपने-अपने नामांकन पत्र दाखिल किए हैं। उन्होंने बताया कि जिला परिषद वार्ड -15 चुराग से शकुंतला देवी,जिला परिषद वार्ड लोअर करसोग -16 से निर्मला चौहान और चमेलु देवी ने अपना नामांकन पत्र भरा है। जिला परिषद वार्ड -17 सराहन से वीपा देवी, नोम लता और सुमित्रा देवी ने नामांकन पत्र दाखिल किया है। जबकि जिला परिषद वार्ड साविंधार -18 से कुलभूषण, राम लाल, ललित कुमार और केवल कुमार ने अपना नामांकन पत्र दाखिल किया है।
उपमंडल मुख्यालय पधर में जिला परिषद के वार्ड नंबर 2 बथेरी, वार्ड नंबर 4 डलाह और वार्ड नंबर 5 कुफरी के लिए नामांकन प्रक्रिया के पहले दिन पांच उम्मीदवारों ने अपने नामांकन पत्र दाखिल किए।
सहायक रिटर्निंग अधिकारी एवं एसडीएम पधर सुरजीत सिंह ने बताया कि डलाह वार्ड से सपना देवी ने नामांकन पत्र दाखिल किया। कुफरी वार्ड से संतोष ठाकुर और चिंता देवी ने अपने नामांकन भरे, जबकि बथेरी वार्ड से शारदा देवी और सुभाष चंद ने नामांकन पत्र दाखिल किए। बालीचौकी में वोधी देवी ने नामांकन भरा है।
सहायक रिटर्निंग अधिकारी एवं एसडीएम वालीचौकी विचित्र सिंह ने बताया कि जिला परिषद वार्ड नंबर 9-थाची से वोधी देवी ने अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। थुनाग में जिला परिषद चुनाव के लिए चार नामांकन दाखिल हुए। सहायक रिटर्निंग अधिकारी संजीत शर्मा ने बताया कि वार्ड 13-ब्रयोगी से नरेंद्र कुमार तथा धनदेव ने नामांकन दाखिल किया, जबकि वार्ड 12-रोड़ से धनेश्वर सिंह एवं चंद्रमणी ने अपने नामांकन पत्र प्रस्तुत किए।उसी प्रकार जिला परिषद सदस्य चुनाव के लिए गोहर में पहले दिन दो उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र दाखिल किए।
इनमें वार्ड नंबर 11-मझेठी से तारा चंद तथा वार्ड नंबर 10-नौण से टिकम राम शामिल हैं।
धर्मपुर उपमंडल के अंतर्गत जिला परिषद चुनाव के लिए विभिन्न वार्डों से पहले दिन छह उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र दाखिल किए। सरी वार्ड से सपना कुमारी, रीना कुमारी और रीता देवी ने नामांकन दाखिल किए। सोहर वार्ड से अंजना कुमारी और शर्मीला ने अपने पर्चे भरे, जबकि टिहरा वार्ड से अनीता वाला ने नामांकन पत्र दाखिल किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

