मंडी जिला में पंचायत समिति चुनाव का कार्यक्रम जारी, 7 से 11 मई तक होगा नामांकन

WhatsApp Channel Join Now
मंडी जिला में पंचायत समिति चुनाव का कार्यक्रम जारी, 7 से 11 मई तक होगा नामांकन


मंडी, 30 अप्रैल (हि.स.)। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त मंडी अपूर्व देवगन ने जिला की विभिन्न पंचायत समितियों के सदस्यों के निर्वाचन के लिए कार्यक्रम जारी कर दिया है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार पंचायत समिति सदस्यों के लिए नामांकन पत्र 7, 8 और 11 मई को संबंधित सहायक निर्वाचन अधिकारियों के समक्ष भरे जाएंगे, जबकि सभी पंचायत समितियों की मतगणना 31 मई को निर्धारित स्थानों पर होगी।

जारी अधिसूचना के अनुसार पंचायत समिति बल्ह के 23 सदस्यों के लिए नामांकन विकास खंड अधिकारी कार्यालय बल्ह में होंगे तथा मतगणना उपमंडलाधिकारी कार्यालय बल्ह में होगी। बालीचौकी पंचायत समिति के 19 सदस्यों के नामांकन विकास खंड कार्यालय बालीचौकी में तथा मतगणना राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बालीचौकी में होगी। चौंतड़ा पंचायत समिति के 20 सदस्यों के लिए नामांकन पंचायत समिति कक्ष में तथा मतगणना राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला चौंतड़ा की वोकेशनल लैब में निर्धारित की गई है।

इसी प्रकार चुराग पंचायत समिति के 15 सदस्यों के लिए नामांकन उप तहसील बगशाड़ में तथा मतगणना ग्राम पंचायत खील के सामुदायिक भवन में होगी। धनोटू पंचायत समिति के 16 सदस्यों के लिए नामांकन तहसील कार्यालय बल्ह में तथा मतगणना राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला महादेव में होगी। धर्मपुर पंचायत समिति के 20 सदस्यों के लिए नामांकन तहसील कार्यालय धर्मपुर में तथा मतगणना राजकीय महाविद्यालय धर्मपुर के परीक्षा हॉल में होगी।

द्रंग पंचायत समिति के 24 सदस्यों के लिए नामांकन तहसील कार्यालय पधर में तथा मतगणना पंचायतघर डलाह के सामुदायिक हॉल में होगी। गोहर पंचायत समिति के 16 सदस्यों के लिए नामांकन खंड विकास अधिकारी कार्यालय गोहर में तथा मतगणना राजकीय महाविद्यालय गोहर में होगी।

गोपालपुर पंचायत समिति के 27 सदस्यों के लिए नामांकन तहसील कार्यालय सरकाघाट में तथा मतगणना राजकीय महाविद्यालय सरकाघाट में होगी।

उसी प्रकार करसोग पंचायत समिति के 15 सदस्यों के लिए नामांकन तहसील कार्यालय करसोग में तथा मतगणना राजकीय महाविद्यालय करसोग में होगी। निहरी पंचायत समिति के 15 सदस्यों के लिए नामांकन तहसीलदार कार्यालय निहरी में तथा मतगणना राजकीय महाविद्यालय निहरी में होगी।

पंचायत समिति सदर मंडी के 26 सदस्यों के लिए नामांकन विकास खंड अधिकारी कार्यालय मंडी सदर में तथा मतगणना भी वहीं निर्धारित की गई है। सराज पंचायत समिति के 15 सदस्यों के लिए नामांकन एसडीएम थुनाग के कैंप कार्यालय जंजैहली में होंगे तथा मतगणना राजकीय महाविद्यालय लंबाथाच में होगी। सुंदरनगर पंचायत समिति के 16 सदस्यों के लिए नामांकन किसान प्रशिक्षण केंद्र सुंदरनगर में तथा मतगणना भी वहीं संपन्न होगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

Share this story