शिमला में पंचायत चुनाव की तारीखें तय : 26, 28 और 30 मई को 441 पंचायतों में मतदान
शिमला, 30 अप्रैल (हि.स.)। पहाड़ों में अब लोकतंत्र का उत्सव सजने जा रहा है। शिमला जिले की 13 विकास खंडों में फैली 441 ग्राम पंचायतों के चुनाव का ऐलान हो चुका है और गांव-गांव में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। चुनाव आयोग के निर्देश पर यह चुनाव तीन चरणों में होंगे। 26 मई, 28 मई और 30 मई को मतदाता अपने गांव की सरकार चुनेंगे।
जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा जारी आदेशों के तहत पहले (26 मई) और दूसरे (28 मई) चरण में 150-150 पंचायतों में वोटिंग होगी, जबकि तीसरे चरण में 141 पंचायतों में मतदान कराया जाएगा। इन चुनावों के साथ ही पंचायत समिति और जिला परिषद वार्डों के लिए भी वोट डाले जाएंगे, जिससे पूरा चुनावी माहौल और भी व्यापक हो गया है।
इस बार चुनाव में कुल 5 लाख 5 हजार 335 मतदाता हिस्सा लेंगे। इनमें करीब 2 लाख 56 हजार पुरुष और लगभग 2 लाख 48 हजार महिला मतदाता शामिल हैं। मतदान के लिए जिले भर में 2405 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जहां सुबह 7 बजे से दोपहर 3 बजे तक वोटिंग होगी।
चुनावी प्रक्रिया की शुरुआत नामांकन से होगी, जो 7, 8 और 11 मई को सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक भरे जाएंगे। इसके बाद 12 मई को नामांकन पत्रों की जांच होगी और 14 व 15 मई को उम्मीदवार अपना नाम वापस ले सकेंगे। इसके बाद असली मुकाबला मैदान में दिखेगा।
मतगणना भी चरणों के अनुसार तय की गई है। ग्राम पंचायतों के नतीजे उसी दिन घोषित कर दिए जाएंगे जिस दिन मतदान होगा, जबकि पंचायत समिति और जिला परिषद के वोटों की गिनती 31 मई को की जाएगी।
जिला निर्वाचन अधिकारी के मुताबिक शिमला जिले के बसन्तपुर, छौहारा, चौपाल, जुब्बल, कोटखाई, कुपवी, मशोबरा, ननखड़ी, नारकण्डा, रामपुर, रोहडू, ठियोग और टुटू विकास खंडों को इस चुनावी प्रक्रिया में शामिल किया गया है। प्रशासन ने चुनाव को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष बनाने के लिए सभी जरूरी तैयारियां पूरी कर ली हैं।
इस चुनाव में प्रधान और उपप्रधान के 441-441 पदों के साथ-साथ ग्राम पंचायत वार्ड सदस्य के 2405, पंचायत समिति के 211 और जिला परिषद के 25 पदों के लिए मतदान होगा। अब सबकी नजर 26 मई से शुरू होने वाले मतदान पर टिकी है, जब पहाड़ों में लोकतंत्र की असली तस्वीर नजर आएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

