हिमाचल पंचायत चुनाव: आखिरी दिन करीब 37 हजार नामांकन, मैदान में 79 हजार से अधिक उम्मीदवार

WhatsApp Channel Join Now
हिमाचल पंचायत चुनाव: आखिरी दिन करीब 37 हजार नामांकन, मैदान में 79 हजार से अधिक उम्मीदवार


हिमाचल पंचायत चुनाव: आखिरी दिन करीब 37 हजार नामांकन, मैदान में 79 हजार से अधिक उम्मीदवार


शिमला, 11 मई (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में पंचायत चुनावों को लेकर आखिरी दिन जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। नामांकन के अंतिम दिन सोमवार को हजारों लोग निर्वाचन कार्यालयों के बाहर पहुंचे और सिर्फ एक दिन में ही 37,114 नामांकन पत्र दाखिल कर दिए गए। इसके साथ ही राज्य में पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव के लिए अब तक कुल 79,676 उम्मीदवार चुनाव मैदान में उतर चुके हैं। यह संख्या अभी और बढ़ सकती है, क्योंकि चंबा जिले के दुर्गम पांगी क्षेत्र से अंतिम आंकड़े आना बाकी हैं।

राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा जारी आंकड़ों पर नजर डालें तो कांगड़ा जिला सबसे आगे रहा, जहां सबसे ज्यादा 14,590 नामांकन पत्र दाखिल हुए। इसके ठीक पीछे मंडी जिला रहा, जहां 14,517 उम्मीदवारों ने चुनाव लड़ने के लिए पर्चे भरे। चंबा में 8,002, शिमला में 7,614, सिरमौर में 5,970, ऊना में 5,823, कुल्लू में 5,817, सोलन में 5,605, हमीरपुर में 5,333 और बिलासपुर में 4,484 नामांकन पत्र दाखिल हुए। किन्नौर में 1,428 और लाहौल-स्पीति में सबसे कम 493 नामांकन प्राप्त हुए हैं।

निर्वाचन आयोग के अनुसार 7 मई को 16,891 नामांकन पत्र दाखिल हुए थे, जबकि 8 मई को यह संख्या बढ़कर 25,671 पहुंच गई। लेकिन अंतिम दिन रिकॉर्ड 37,114 नामांकन पत्र दाखिल होने से साफ हो गया कि इस बार पंचायत चुनावों में मुकाबला बेहद दिलचस्प रहने वाला है।

अब 12 मई को नामांकन पत्रों की जांच होगी। इसके बाद 15 मई को नाम वापस लेने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी और उसी दिन उम्मीदवारों को चुनाव चिन्ह भी आवंटित किए जाएंगे। मतदान तीन चरणों में 26, 28 और 30 मई को होगा। वोटिंग सुबह 7 बजे से शाम 3 बजे तक मतपत्र और मतपेटियों के जरिए कराई जाएगी।

गौरतलब है कि पंचायत चुनावों के लिए 29 अप्रैल को अधिसूचना जारी की गई थी। इसके बाद तीन दिनों तक नामांकन प्रक्रिया चली, लेकिन सबसे ज्यादा भीड़ आखिरी दिन देखने को मिली। कई जगह सुबह से ही उम्मीदवारों और समर्थकों की लंबी कतारें लगी रहीं। ग्रामीण इलाकों में चुनावी माहौल पूरी तरह गर्म नजर आया और पंचायत प्रतिनिधि बनने की होड़ साफ दिखाई दी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Share this story