पंचायत चुनाव : हिमाचल में जिला परिषद अध्यक्षों का आरक्षण तय, 12 जिलों की सूची जारी

WhatsApp Channel Join Now

शिमला, 17 अप्रैल (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में पंचायत चुनावों को लेकर पंचायतीराज विभाग ने शुक्रवार को जिला परिषद अध्यक्ष पदों का आरक्षण रोस्टर जारी कर दिया है। इसके साथ ही प्रदेश के सभी 12 जिलों में जिला परिषद अध्यक्ष पदों की आरक्षण स्थिति स्पष्ट हो गई है।

जारी रोस्टर के अनुसार चार जिलों शिमला, कुल्लू, ऊना और बिलासपुर में जिला परिषद अध्यक्ष पद सामान्य वर्ग के लिए ओपन रखे गए हैं। वहीं हमीरपुर और चंबा जिलों में ये पद सामान्य वर्ग की महिलाओं के लिए आरक्षित किए गए हैं। सिरमौर और सोलन जिलों में अध्यक्ष पद अनुसूचित जाति महिला के लिए आरक्षित किए गए हैं, जबकि मंडी जिले में यह पद अनुसूचित जाति वर्ग के लिए तय किया गया है।

इसी तरह किन्नौर जिले में जिला परिषद अध्यक्ष पद अनुसूचित जनजाति वर्ग के लिए और लाहौल-स्पीति जिले में अनुसूचित जनजाति महिला के लिए आरक्षित रहेगा। कांगड़ा जिले में यह पद अन्य पिछड़ा वर्ग महिला के लिए आरक्षित किया गया है।

इस रोस्टर के अनुसार कुल 12 जिलों में से चार जिले सामान्य वर्ग के लिए ओपन, दो जिले सामान्य वर्ग महिला, दो जिले एससी महिला, एक जिला एससी, एक जिला एसटी, एक जिला एसटी महिला और एक जिला ओबीसी महिला के लिए आरक्षित किए गए हैं। जिला परिषद अध्यक्ष पदों में 50 प्रतिशत आरक्षण महिलाओं के लिए सुनिश्चित किया गया है।

पंचायतीराज विभाग इससे पहले पंचायत प्रधान, पंचायत वार्ड सदस्य, बीडीसी सदस्य और जिला परिषद वार्डों के लिए भी आरक्षण तय कर चुका है। अब जिला परिषद अध्यक्ष पदों का रोस्टर जारी होने के बाद प्रदेश में पंचायत चुनावों को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज होने लगी हैं। चुनाव आयोग जल्द पंचायत चुनाव की घोषणा कर सकता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Share this story