हिमाचल में पंचायत चुनाव के पहले चरण के लिए मतदान शुरू, 1,293 पंचायतों में डाले जा रहे वोट

WhatsApp Channel Join Now
हिमाचल में पंचायत चुनाव के पहले चरण के लिए मतदान शुरू, 1,293 पंचायतों में डाले जा रहे वोट


हिमाचल में पंचायत चुनाव के पहले चरण के लिए मतदान शुरू, 1,293 पंचायतों में डाले जा रहे वोट


शिमला, 26 मई (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव के पहले चरण के लिए मंगलवार सुबह सात बजे मतदान शुरू हो गया। प्रदेश की 1,293 पंचायतों में मतदाता अपने गांव की सरकार चुनने के लिए मतदान केंद्रों पर पहुंच रहे हैं। सुबह से ही कई ग्रामीण इलाकों में मतदान केंद्रों के बाहर लोगों की कतारें देखने को मिलीं और चुनाव को लेकर गांवों में खासा उत्साह नजर आ रहा है।

पहले चरण में पंचायत प्रधान, उपप्रधान, वार्ड सदस्य, पंचायत समिति सदस्य (बीडीसी) और जिला परिषद सदस्यों के लिए मतदान हो रहा है। इस चरण में करीब 7,200 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार करीब 16 लाख मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। मतदान बैलेट पेपर के माध्यम से कराया जा रहा है और वोट डालने का समय सुबह सात बजे से दोपहर तीन बजे तक तय किया गया है।

चुनाव को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से करवाने के लिए प्रदेशभर में 16,539 मतदान केंद्र स्थापित किए गए हैं। इनमें 3,554 मतदान केंद्रों को संवेदनशील और 1,585 को अतिसंवेदनशील घोषित किया गया है। इन केंद्रों पर अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं। मतदान प्रक्रिया की निगरानी के लिए प्रशासन और निर्वाचन आयोग की टीमें लगातार नजर बनाए हुए हैं।

राज्य निर्वाचन आयोग ने मतदान प्रक्रिया को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए 8,198 कर्मचारियों और अधिकारियों की ड्यूटी लगाई है। पोलिंग पार्टियों को पहले ही मतदान सामग्री के साथ संबंधित क्षेत्रों के लिए रवाना कर दिया गया था। दुर्गम और जनजातीय इलाकों में कर्मचारियों को समय रहते भेजा गया ताकि मौसम या दूरी के कारण मतदान प्रभावित न हो।

निर्वाचन अधिकारियों के अनुसार मतदान केंद्रों पर सुरक्षा, पेयजल, बिजली और अन्य जरूरी सुविधाओं की व्यवस्था की गई है। आयोग ने मतदान केंद्रों के भीतर केवल अधिकृत लोगों को ही प्रवेश की अनुमति दी है। प्रत्याशियों और समर्थकों को भी मतदान केंद्र से 100 मीटर दूर ही अपने शिविर लगाने के निर्देश दिए गए हैं। मतदान केंद्रों के आसपास प्रचार और भीड़ जुटाने पर रोक लगाई गई है।

इस बार पंचायत चुनावों में युवा मतदाताओं को लेकर भी खास उत्साह देखा जा रहा है। आयोग के मुताबिक तीनों चरणों में 52,349 नए मतदाता पहली बार वोट डालेंगे। इनमें बड़ी संख्या युवा मतदाताओं की है, जो पहली बार गांव की सरकार चुनने की प्रक्रिया का हिस्सा बन रहे हैं।

राज्य निर्वाचन आयोग को इस बार रिकॉर्ड मतदान की उम्मीद है। वर्ष 2021 के पंचायत चुनाव में प्रदेश में करीब 78.70 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया था।

बता दें कि हिमाचल प्रदेश में पंचायत चुनाव तीन चरणों में हो रहे हैं। पहले चरण का मतदान आज 26 मई को हो रहा है, जबकि दूसरे चरण के लिए 28 मई और तीसरे एवं अंतिम चरण के लिए 30 मई को वोट डाले जाएंगे। पहले चरण में 1,293 पंचायतों, दूसरे चरण में 1,274 और तीसरे चरण में 1,187 पंचायतों में मतदान होगा।

मतदान समाप्त होने के बाद पंचायत प्रधान, उपप्रधान और वार्ड सदस्य पदों के परिणाम शाम तक घोषित कर दिए जाएंगे। वहीं जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के लिए पड़े वोटों की गिनती 31 मई को होगी और परिणाम एक साथ घोषित किए जाएंगे।

इस बीच प्रदेश की 3,754 पंचायतों में से 131 पंचायतें निर्विरोध चुनी गई हैं। सबसे ज्यादा निर्विरोध पंचायतें जनजातीय जिला किन्नौर में चुनी गई हैं। वहीं शिमला जिले में संख्या के लिहाज से सबसे अधिक 42 पंचायतों में बिना मुकाबले प्रतिनिधि निर्वाचित हुए हैं।

राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार पूरे प्रदेश में नामांकन वापसी के बाद कुल 10,854 प्रतिनिधि निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं। इनमें 176 प्रधान, 286 उपप्रधान, 10,307 वार्ड सदस्य और 85 पंचायत समिति सदस्य शामिल हैं। हालांकि इस बार कोई भी जिला परिषद सदस्य निर्विरोध निर्वाचित नहीं हुआ है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Share this story