भाजपा ने दो अधिकारियों के तबादले की उठाई मांग, पंचायत चुनाव प्रभावित करने के आरोप

WhatsApp Channel Join Now
भाजपा ने दो अधिकारियों के तबादले की उठाई मांग, पंचायत चुनाव प्रभावित करने के आरोप


शिमला, 09 मई (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में पंचायत चुनावों की सरगर्मियों के बीच भाजपा ने सिरमौर जिला में चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित करने की आशंका जताते हुए राज्य चुनाव आयोग के समक्ष दो अलग-अलग शिकायतें दर्ज करवाई हैं। पार्टी ने आरोप लगाया है कि कांग्रेस के दबाव में प्रशासनिक मशीनरी का दुरुपयोग किया जा रहा है और कुछ अधिकारी निष्पक्ष तरीके से काम नहीं कर रहे हैं।

भाजपा प्रदेश कार्यालय सचिव प्रमोद ठाकुर की ओर से राज्य चुनाव आयुक्त को भेजे गए शिकायत पत्रों में नाहन विकास खंड में कार्यवाहक बीडीओ के रूप में कार्यरत परमजीत ठाकुर और पांवटा साहिब विकास खंड में तैनात जूनियर इंजीनियर शमशेर प्रकाश के तत्काल तबादले की मांग की गई है।

पहले मामले में भाजपा ने आरोप लगाया है कि नाहन विकास खंड में कार्यरत परमजीत ठाकुर स्थानीय कांग्रेस विधायक के करीबी सहयोगी की तरह काम कर रहे हैं। शिकायत पत्र में कहा गया है कि भाजपा समर्थित लोगों के साथ भेदभावपूर्ण रवैया अपनाया जा रहा है, जबकि कांग्रेस से जुड़े लोगों को मनरेगा और अन्य योजनाओं में प्राथमिकता दी जा रही है। भाजपा का आरोप है कि सिरमौर जिला की करीब 25 पंचायतों में भाजपा समर्थकों के कार्यों में बाधाएं खड़ी की जा रही हैं।

भाजपा ने यह भी दावा किया कि पहले यहां कार्यरत सुपरिंटेंडेंट ग्रेड-II विकास बंसल का राजनीतिक दबाव में तबादला किया गया और उनकी जगह परमजीत ठाकुर को तैनात किया गया। पार्टी का कहना है कि पंचायत चुनावों के दौरान इस तरह की गतिविधियां निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित कर सकती हैं।

दूसरे मामले में भाजपा ने पांवटा साहिब विकास खंड में तैनात जूनियर इंजीनियर शमशेर प्रकाश के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई है। पार्टी के अनुसार उनकी पत्नी किरण बाला ग्राम पंचायत रामपुर भारापुर से प्रधान पद का चुनाव लड़ रही हैं। भाजपा ने आरोप लगाया है कि शमशेर प्रकाश अपने पद का प्रभाव इस्तेमाल कर चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित करने की कोशिश कर रहे हैं और अपनी पसंद के अधिकारियों की तैनाती करवाने का प्रयास किया जा रहा है।

भाजपा ने चुनाव आयोग को याद दिलाया कि आयोग पहले भी स्पष्ट कर चुका है कि जिन सरकारी अधिकारियों के करीबी परिजन चुनाव लड़ रहे हों, उन्हें संबंधित क्षेत्र में तैनात नहीं रखा जाना चाहिए, ताकि निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित किया जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Share this story