पंचायत चुनाव: मंडी के परलोग थाच-थर्मी में मतपत्र पर गायब मिला बीडीसी उम्मीदवार का नाम, चुनाव स्थगित
मंडी, 26 मई (हि.स.)। प्रदेश में मंगलवार को पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव का पहला चरण शुरू हुआ। इसी के चलते मंडी जिले की 197 पंचायतों में भी प्रधान, उपप्रधान, वार्ड पंच,पंचायत समिति सदस्य ,बीडीसी, व जिला परिषद के लिए वोट डाले गए। मतदान को लेकर मतदाताओं में भारी उत्साह देखा गया। खास कर अस्सी से सौ साल में बुजुर्ग मतदाताओं को उनके परिजन सहारा देकर या पीठ पर उठाकर मतदान केंद्रों तक लाए। प्रथम चरण के अधिकांश परिणाम मंगलवार को ही घोषित कर दिए गए।
मंगलवार को इन चुनावों में कई रोचक व दिलचस्प वाक्या घटित हुए। इनमें सबसे बड़ा घटनाक्रम करसोग उपमंडल की परलोग, थाच थर्मी व मेंहढ़ी वार्ड में देखने को मिला। यहां से चुनाव लड़ रहे उम्मीदवारों में एक होशियार सिंह भी थे। सुबह 7 बजे तय वक्त पर मतदान शुरू हो गया और बड़ी तादाद में लोग वोट देने के लिए आने लगे। इसी बीच जब मतदान केंद्र पर बीडीसी उम्मीदवार होशियार सिंह पहुंचे तो वह मतपत्र देख कर हैरान हो गए। उसमें उनका नाम गायब था। उनके नाम के आगे कुर्सी चुनाव निशान तो था मगर नाम की जगह नोटा लिखा हुआ था। यह देख कर वह हैरान परेशान हो गया। उसने तुरंत मतदान करवा रही टीम को इसकी जानकारी दी तो खलबली मच गई। इसकी सूचना तुरंत उपमंडलाधिकारी नागरिक करसोग को गौरव महाजन को दी गई। वह भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने इसे गंभीर चूक व गलती माना और उपायुक्त अपूर्व देवगग को सूचित किया। उपायुक्त ने इस बारे में राज्य चुनाव आयुक्त से बात की और इसके बाद तुरंत यहां से बीडीसी का चुनाव स्थगित कर दिया गया। जिस पर भी स्तर पर यह बड़ी गलती हुई है इसकी भी जांच शुरू कर दी गई। अब देखना होगा कि इसकी गाज कितने लोगों पर गिरती है।
गौरतलब है कि इससे पहले मंडी जिले के बल्ह विकास खंड व चौंतड़ा विकास खंड में पत्रपत्र गायब होने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। इसे लेकर कई कर्मियों पर गाज गिर चुकी है।
इधर, पूर्व मंत्री महेंद्र सिंह की बेटी पर फर्जी मतदान करवाने का आरोप लगा है। मंडी जिला के धर्मपुर विकास खंड के जिला परिषद वार्ड टीहरा के चोलथरा में फर्जी मतदान करवाने के आरोप उम्मीदवार वंदना गुलेरिया जो पूर्व मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर की बेटी है पर लगे हैं। उनके खिलाफ चुनाव लड़ रही रजिता कुमारी के पति राजीव कुमार ने सोशल मीडिया पर जारी व मीडिया से रूबरू होते हुए आरोप लगाया कि वंदना गुलेरिया ने अपने चालक से किसी और का ही वोट डलवाया है। उन्होंने इस बारे में उपमंडलाधिकारी को सूचना देकर जरूरी कार्रवाई करने की मांग उठाई है। अधिकारियों ने बताया कि शिकायत जिला उपायुक्त को भेज दी है। अगली कार्रवाई वहां से अमल में लाई जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

