पंचायत चुनावों को लेकर निहरी में पहली रिहर्सल आयोजित

WhatsApp Channel Join Now
पंचायत चुनावों को लेकर निहरी में पहली रिहर्सल आयोजित


मंडी, 18 मई (हि.स.)। पंचायती राज चुनावों के सफल एवं सुचारू संचालन को लेकर मंडी जिला के विकास खंड निहरी में पहली रिहर्सल का आयोजन किया गया। यह रिहर्सल सरदार पटेल महाविद्यालय निहरी में रिटर्निंग अधिकारी एवं उपमंडलाधिकारी (ना.) सुंदरनगर अमर नेगी की अध्यक्षता में आयोजित हुई। इस अवसर पर खंड विकास अधिकारी निहरी सुनील कुमार भी उपस्थित रहे। रिटर्निंग अधिकारी अमर नेगी ने चुनाव ड्यूटी में तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों को चुनाव प्रक्रिया से संबंधित आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

उन्होंने मतदान प्रक्रिया को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न करवाने तथा समय-समय पर रिपोर्टिंग सुनिश्चित करने के निर्देश भी जारी किए। रिहर्सल में 6 सेक्टर अधिकारी, 26 सहायक रिटर्निंग अधिकारी, 45 पीठासीन अधिकारी तथा 135 मतदान अधिकारियों ने भाग लिया। अधिकारियों को मतदान प्रक्रिया, चुनावी तैयारियों तथा दायित्वों की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। इसके अतिरिक्त रिटर्निंग अधिकारी ने पंचायत समिति एवं जिला परिषद की मत पेटियों हेतु बनाए गए स्ट्रॉन्ग रूम तथा मतगणना केंद्र, जोकि राजकीय महाविद्यालय निहरी में स्थापित किए गए हैं, का निरीक्षण भी किया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

Share this story