मंडी जिला में 14648 प्रत्याशियों ने भरे नामांकन पत्र, अंतिम दिन सबसे अधिक 6606 उम्मीदवारों ने भरे पर्चे

WhatsApp Channel Join Now
मंडी जिला में 14648 प्रत्याशियों ने भरे नामांकन पत्र, अंतिम दिन सबसे अधिक 6606 उम्मीदवारों ने भरे पर्चे


मंडी, 12 मई (हि.स.)। मंडी जिला में पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया आज संपन्न हो गई। जिला परिषद, पंचायत समिति, प्रधान, उपप्रधान और वार्ड सदस्य पदों के लिए तीन दिनों में कुल 14648 नामांकन पत्र दाखिल किए गए। नामांकन प्रक्रिया के तीसरे और अंतिम दिन 11 मई को सबसे अधिक 6606 उम्मीदवारों ने अपने नामांकन पत्र दाखिल किए। इससे पहले 7 मई को 3820 तथा 8 मई को 4222 नामांकन प्राप्त हुए थे।

उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) अपूर्व देवगन ने बताया कि जिला परिषद के 36 वार्डों के लिए अंतिम दिन 114 नामांकन पत्र प्राप्त हुए, जबकि तीन दिनों में कुल 210 नामांकन दाखिल किए गए। पहले दिन 54 तथा दूसरे दिन 42 नामांकन पत्र प्राप्त हुए थे।

उन्होंने बताया कि 14 पंचायत समितियों के 267 सदस्य पदों के लिए अंतिम दिन 574 नामांकन दाखिल हुए। इस श्रेणी में कुल 1174 नामांकन पत्र प्राप्त हुए हैं। पहले दिन 235 तथा दूसरे दिन 365 नामांकन दाखिल किए गए थे।

ग्राम पंचायत प्रधान पद के 577 पदों के लिए अंतिम दिन 1319 नामांकन प्राप्त हुए। पहले दिन 891 तथा दूसरे दिन 834 नामांकन पत्र दाखिल किए गए थे। वहीं उपप्रधान पदों के लिए अंतिम दिन 1496 नामांकन प्राप्त हुए। पहले दिन 706 तथा दूसरे दिन 767 नामांकन पत्र दाखिल हुए थे।

उन्होंने बताया कि ग्राम पंचायतों के 3311 वार्ड सदस्य पदों के लिए कुल 7251 नामांकन पत्र प्राप्त हुए हैं। इनमें पहले दिन 1934, दूसरे दिन 2214 तथा अंतिम दिन 3103 नामांकन पत्र दाखिल किए गए।

उपायुक्त ने बताया कि 14 और 15 मई को नाम वापस लिए जा सकेंगे तथा 15 मई को दोपहर 3 बजे के बाद उम्मीदवारों को चुनाव चिन्ह आवंटित किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि ग्राम पंचायतों के प्रधान,उपप्रधान और वार्ड सदस्य पदों के लिए मतदान 26, 28 और 30 मई को होगा तथा मतदान समाप्त होने के तुरंत बाद संबंधित ग्राम पंचायत मुख्यालय में मतगणना की जाएगी। वहीं जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के मतों की गिनती 31 मई को सुबह 9 बजे से शुरू होगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

Share this story