मण्डी : पहले चरण में १९८ ग्राम पंचायतों में मंगलवार को होगा मतदान
मंडी, 25 मई (हि.स.)। तीन चरणों में पांच हजार कर्मी करेंगे मतदान प्रक्रिया पूरी
जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) एवं उपायुक्त अपूर्व देवगन ने आज यहां बताया कि मंडी जिला में पंचायतीराज संस्थाओं के स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव संपन्न करवाने के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उन्होंने मतदाताओं का आह्वान किया कि वे अपने मतदान केंद्र पर जाकर मतदान अवश्य करें।
इस बार के चुनावों में जिला की 577 ग्राम पंचायतों में प्रधान पद के लिए 2291 प्रत्याशी, उपप्रधान पद के लिए 2152 तथा 3305 वार्ड सदस्यों के लिए 4662 प्रत्याशी, 14 पंचायत समितियों में 267 सदस्यों के लिए 1027 उम्मीदवार तथा 36 जिला परिषद सदस्यों के चुनाव के लिए 183 उम्मीदवार अपना भाग्य आजमा रहे हैं। इनमें से कुछ प्रधान, उपप्रधान, वार्ड सदस्य तथा पंचायत समिति के सदस्य निर्विरोध भी चुने जा चुके हैं।
उन्होंने बताया कि जिला में तीन चरणों में चुनाव के लिए कुल 3135 मतदान केन्द्र बनाए गए हैं। पहले चरण में लगभग पांच हजार कर्मी मतदान प्रक्रिया सम्पन्न करवाएंगे।
उपायुक्त ने बताया कि जिला की कुल 577 ग्राम पंचायतों में पहले चरण में 26 मई को 198, दूसरे चरण में 28 मई को 196 तथा तीसरे व अंतिम चरण में 30 मई, 2026 को 183 ग्राम पंचायतों में मतदान संपन्न करवाया जाएगा। मतदान का समय प्रातः 7.00 बजे से दोपहर बाद 3.00 बजे तक निर्धारित किया गया है। मतदान संपूर्ण होने के उपरांत उसी दिन मतगणना के पश्चात ग्राम पंचायतों के चुनाव परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे, जिसके लिए पंचायतों में मतगणना केंद्र स्थापित कर दिये गये हैं। संवेदनशील और अति संवेदनशील मतगणना केंद्रों की वीडियोग्राफी के भी निर्देश दिए गए हैं।
जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के लिए मतगणना 31 मई को संपन्न की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

