पंचायत चुनाव: पहले चरण में भारी जन समर्थन के लिए प्रदेश की जनता का आभार : जयराम
मंडी, 26 मई (हि.स.)। पूर्व मुख्यमंत्री नेताप्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में पंचायतीराज चुनाव के पहले चरण भाजपा को भारी जन समर्थन मिला है। जिस के लिए उन्होंने प्रदेश की जनता का आभार जताया है। उन्होंने दावा किया कि प्रथम चरण के नतीजों में अधिकांश स्थानों पर भाजपा की विचारधारा से जुड़े जनप्रतिनिधि जीतकर आए हैं। जिला परिषद व पंचायत समिति के चुनावों में जनता ने कांग्रेस सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ स्पष्ट जनादेश सुनाया है। उन्होंने कांग्रेस सरकार के राजनीतिक दबाव में काम कर रहे कुछ प्रशासनिक अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर भी गंभीर चिंता व्यक्त की।
नेता प्रतिपक्ष ने आरोप लगाया कि पूरे प्रदेश में चुनाव शांतिपूर्ण होने के बावजूद कुछ चुनिंदा अधिकारियों ने लोकतंत्र के इस महापर्व में निष्पक्ष भूमिका नहीं निभाई। कई क्षेत्रों से चुनावी प्रक्रिया में कोताही बरते जाने और धांधली की शिकायतें मिली हैं, जो एक स्वच्छ और पारदर्शी लोकतांत्रिक चुनाव प्रक्रिया की राह में सरकारी बाधा को उजागर करती हैं।
वहीं जयराम ठाकुर ने अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष और हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय में भौतिकी के प्राध्यापक प्रोफेसर नागेश ठाकुर के पूज्य पिता राम सिंह के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है। जयराम ठाकुर ने जोगिंदर नगर के समहोली स्थित उनके पैतृक आवास पर पहुंचकर दिवंगत आत्मा को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने प्रोफेसर नागेश ठाकुर और शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात कर अपनी संवेदनाएं प्रकट की और ढांढस बंधाया।
जयराम ने कहा कि इस कठिन समय में उनकी संवेदनाएं पूरे परिवार के साथ हैं। उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की कि वे दिवंगत पुण्य आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और शोकाकुल परिवार को इस असहनीय व अपार दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

