करसोग में 5592 बच्चों को पोलियों की खुराक पिलाने का लक्ष्य: गौरव महाजन

WhatsApp Channel Join Now
करसोग में 5592 बच्चों को पोलियों की खुराक पिलाने का लक्ष्य: गौरव महाजन


मंडी, 28 जून (हि.स.)। सिविल अस्पताल करसोग में पल्स पोलियों अभियान का शुभारंभ एसडीएम करसोग गौरव महाजन ने किया। उन्होंने सिविल अस्पताल करसोग परिसर में 9 माह के वैभव को पोलियों की खुराक पिला कर इस अभियान का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि करसोग खंड में 0-5 वर्ष तक के आयु वर्ग के 5592 बच्चों को पोलियों की खुराक पिलाने का लक्ष्य निर्धारित है। उन्होंने कहा कि गर्मी के मौसम को देखते हुए उपमंडल में बनाए गए सभी 6 कोल्ड चेन पॉइंट्स से सुबह 6 बजे ही सभी बूथों पर वैक्सीन पहुंचाई गई।

उन्होंने कहा कि कोई भी पात्र बच्चा पोलियों की खुराक से वंचित ना रहे इसके लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा प्रभावी योजना तैयार की गई है। बीएमओ करसोग डॉ. गोपाल चौहान ने बताया कि प्रभावी योजना बना कर सुबह 6 बजे ही कोल्ड चेन पॉइंट्स से सभी बूथों पर वैक्सीन पहुंचाई गई।

उन्होंने बताया कि सभी बूथों पर बिना किसी शिकायत या बाधा के सुचारू रूप से इस अभियान को संचालित किया गया। सिविल अस्पताल करसोग परिसर में आयोजित शुभारंभ समारोह में खंड चिकित्सा अधिकारी करसोग डॉ गोपाल चौहान ने एसडीएम का स्वागत किया। इस अवसर पर अस्पताल स्टाफ द्वारा बनाई गई अभियान से संबंधित रंगोली भी विशेष आकर्षण रही।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

Share this story