पद्मश्री विजय शर्मा ने एसपीयू के कुलपति आचार्य ललित कुमार अवस्थी से की भेंट
मंडी, 10 सितंबर (हि.स.)। सरदार पटेल विश्वविद्यालय मंडी में हिमाचल प्रदेश की कला, संस्कृति, इतिहास एवं विरासत के संरक्षण को लेकर पद्मश्री सम्मान से अलंकृत प्रसिद्ध कला इतिहासकार विजय शर्मा ने कुलपति सचिवालय में कुलपति आचार्य ललित कुमार अवस्थी से भेंट की। कुलपति ने पद्मश्री विजय शर्मा को हिमाचली टोपी एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर स्वागत किया। इस अवसर पर मंडी की समृद्ध ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी से जोड़ने तथा उसे राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई व मंडी में संग्रहालय की स्थापना, मंडी की पहाड़ी चित्रकला पर कार्यशाला, कला एवं संस्कृति आधारित डिप्लोमा पाठ्यक्रम तथा मंडी@500 : मंडी की
ऐतिहासिक यात्रा’ के माध्यम से मंडी की पांच शताब्दियों की ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण पर विस्तार से चर्चा हुई। इस अवसर पर इतिहास विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. राकेश कुमार शर्मा उपस्थित रहे।
कुलपति आचार्य ललित कुमार अवस्थी ने कहा कि विश्वविद्यालय मंडी की समृद्ध ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और अकादमिक अध्ययन को प्राथमिकता दे रहा है। मंडी@500 के माध्यम से मंडी की पांच सौ वर्षों की यात्रा को पुस्तक, कॉफी टेबल बुक, डिजिटल दस्तावेजीकरण एवं मौखिक इतिहास के माध्यम से संरक्षित करने के प्रयास किए जा रहे हैं। पद्मश्री विजय शर्मा ने मंडी कलम, पहाड़ी चित्रकला, लोक परंपराओं, मंदिर स्थापत्य तथा ऐतिहासिक धरोहर के संरक्षण की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि मंडी में प्रस्तावित संग्रहालय को शोध, शिक्षा और सांस्कृतिक पर्यटन का महत्वपूर्ण केंद्र बनाया जा सकता है।
इसके उपरांत पद्मश्री विजय शर्मा ने इतिहास विभाग द्वारा आयोजित विशेष अतिथि व्याख्यान ‘विकसित भारत @2047 में युवाओं की भूमिका में विद्यार्थियों को संबोधित किया। उन्होंने विद्यार्थियों से अपनी छिपी प्रतिभा को पहचानकर उसे सकारात्मक दिशा में विकसित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि इतिहास हमें अपनी जड़ों से जोड़ता है तथा कला और संस्कृति समाज की रचनात्मकता एवं संवेदनशीलता को अभिव्यक्ति देती हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

