हिमाचल की डॉक्टर अर्चना ठाकुर बनीं ओ एन जी सी की सी एस आर समिति अध्यक्ष

WhatsApp Channel Join Now
हिमाचल की डॉक्टर अर्चना ठाकुर बनीं ओ एन जी सी की सी एस आर समिति अध्यक्ष


मंडी, 23 अक्टूबर (हि.स.)। भारत सरकार के पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय के अधीन आने वाली देश की सबसे बड़ी सार्वजनिक क्षेत्र की कम्पनी तेल एवं प्राकृतिक गैस निगम लिमिटेड ओ एन जी सी ने डॉक्टर अर्चना ठाकुर को सी एस आर समिति की अध्यक्ष मनोनीत किया है।

हिमाचल प्रदेश की भाजपा नेत्री और कंपनी की स्वतंत्र निदेशक डॉक्टर अर्चना ठाकुर को अपनी कॉर्पोरेट सोशल रिस्पांसिबिलिटी सी एस आर समिति का अध्यक्ष मनोनीत किया है ।

तेल एवं प्राकृतिक गैस निगम लिमिटेड कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व के अंतर्गत अपने मुनाफे का दो प्रतिशत भाग सामाजिक उत्थान कार्यों पर खर्चती है। इसके अलावा स्वास्थ्य और मेडिकल ठांचागत सुविधाओं को विकसित करती है। जिसके अंतर्गत कंपनी ग्रामीण क्षेत्रों में गरीब लोगों को घर द्वार पर सुविधाएं प्रदान करने के लिए मोबाइल मेडिकल यूनिट का संचालन करती है। इसके अधीन कैंसर से पीड़ित मरीजों और नव जात शिशुओं को उपचार में भी मदद की जाती है।

इसके अंतर्गत कंपनी जल, स्वच्छता और स्वच्छ भारत कार्यक्रम के अंतर्गत सामुदायिक शौचालय , स्कूलों में शौचालय और घरों में शौचालय के निर्माण में वित्तीय सहायता प्रदान करती हैं। कंपनी शिक्षा, स्किल डेवलपमेंट और जीवन यापन के अनेक कार्यक्रमों के संचालन में वित्तीय सहायता प्रदान करती है। कंपनी पर्यावरण को सुधारने के लिए पौधरोपण , कचरा प्रबंधन और रिन्यूएबल एनर्जी को भी बढ़ाबा देती है।

अर्चना ठाकुर की ताजपोशी पर दिल्ली में कार्यरत अनेक हिमाचली सामाजिक संगठनों ने ख़ुशी जाहिर की है।

एक सैनिक परिवार की पृष्ठभूमि से संबंध रखने वाली डॉक्टर अर्चना ठाकुर की स्कूल और कालेज की शिक्षा शिमला में हुई। उन्होंने हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय से वर्ष 2006 में राजनीतिक विज्ञानं में डॉक्टरेट की डिग्री ग्रहण की। वह मौजूदा समय में हिमाचल भाजपा की प्रदेश कार्यकारिणी के सदस्य हैं। इससे पहले वह राज्य भाजपा की आईटी और सोशल मीडिया सेल की दो बार कमान संभाल चुकी हैं। उनका दो दशकों का शैक्षणिक, प्रशासनिक और समाज सेवा का अनुभव है। उन्होंने महिलाओं के सामुदायिक विकास और महिला सशक्तिकरण के लिए अथाह काम किया है जिसकी राष्ट्रीय स्तर पर सराहना हुई है। वह इस प्रतिष्ठित पद पर मनोनीत होने वाली पहली हिमाचली महिला हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

765654 Articles

Share this story