नाहन में सर्पदंश से युवक की गई जान

WhatsApp Channel Join Now

नाहन, 13 जुलाई (हि.स.)। नाहन तहसील के कोंथरो मोजा देवानी गांव में सर्पदंश की एक दुखद घटना सामने आई। यहां 18 वर्षीय अरमान अली को जहरीले सांप ने डस लिया। परिजन उसे उपचार के लिए अस्पताल ले गए, लेकिन चिकित्सकों के प्रयासों के बावजूद उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। युवक की असमय मौत से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।

दूसरी ओर, जिले के कई हिस्सों में मौसम के प्रभाव से लोक निर्माण विभाग को भी नुकसान पहुंचा है। जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए) से प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले में 15 सड़कें अवरुद्ध हैं। इनमें संगड़ाह मंडल की तीन, शिलाई मंडल की छह तथा नाहन मंडल की छह सड़कें शामिल हैं। प्रारंभिक आकलन में विभाग को करीब 55.55 लाख रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया गया है। बंद सड़कों को खोलने के लिए मशीनें और कर्मचारियों की टीमें मौके पर जुटी हुई हैं।

जल शक्ति विभाग भी मौसम के असर से प्रभावित हुआ है। विभाग की 69 पेयजल एवं सिंचाई योजनाएं बाधित हुई हैं। इनमें नाहन मंडल की 31, शिलाई की 26, संगड़ाह की 9 तथा राजगढ़ की 3 योजनाएं शामिल हैं। प्रभावित क्षेत्रों में जलापूर्ति बहाल करने के लिए विभागीय टीमें मरम्मत कार्य में लगी हुई हैं

जिला प्रशासन ने लोगों से मौसम की स्थिति को देखते हुए सतर्क रहने, अनावश्यक यात्रा से बचने तथा नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहने की अपील की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर

Share this story