नाहन में कलयुगी बहू और पोतों की करतूत, 85 वर्षीय बुजुर्ग महिला से बेदर्दी से मारपीट, मामला दर्ज

WhatsApp Channel Join Now

नाहन, 13 सितंबर (हि.स.)। नाहन के कच्चा टैंक क्षेत्र में रिश्तों को तार-तार कर देने वाली एक सनसनीखेज घटना सामने आई है, जहां एक 85 वर्षीय बुजुर्ग महिला के साथ उनकी अपनी ही बहू और दो पोतों द्वारा बेरहमी से मारपीट करने का आरोप लगा है।

जानकारी के अनुसार बीते शनशिवार कच्चा टैंक निवासी 85 वर्षीय बुजुर्ग महिला निर्मला देवी के साथ उनकी बहू रमन और पोतों केशव तथा रुद्राक्ष ने मारपीट की। बुजुर्ग महिला की उम्र और ढलती अवस्था का लिहाज किए बिना उनके साथ की गई इस बदसलूकी की सूचना जब महिला के बेटे संदीप अग्रवाल को मिली, तो उन्होंने तुरंत पुलिस से न्याय की गुहार लगाई। संदीप अग्रवाल ने कच्चा टैंक पुलिस चौकी में अपनी पत्नी और दोनों बेटों के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई। शिकायत मिलते ही पुलिस टीम ने बिना देरी किए मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और लहूलुहान अवस्था में बुजुर्ग महिला को तुरंत इलाज और मेडिकल जांच के लिए डॉ. यशवंत सिंह परमार राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल नाहन पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों द्वारा महिला का मेडिकल करवाया जा रहा है, ताकि चोटों की गंभीरता का आधिकारिक रिकॉर्ड तैयार किया जा सके।

मामले की पुष्टि करते हुए एसपी सिरमौर ने बताया कि बुजुर्ग महिला के बेटे संदीप अग्रवाल की लिखित शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने पीड़िता का मेडिकल करवाकर आगामी छानबीन शुरू कर दी है। उन्होंने आश्वासन दिया कि मामले की हर पहलू से गहनता से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर

Share this story