भाजपा हमीरपुर की मासिक बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा, 15 अगस्त के कार्यक्रमों की बनी रणनीति

WhatsApp Channel Join Now
भाजपा हमीरपुर की मासिक बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा, 15 अगस्त के कार्यक्रमों की बनी रणनीति


हमीरपुर, 07 अगस्त (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी जिला हमीरपुर की मासिक बैठक शुक्रवार को टौणी देवी मंदिर परिसर में जिला अध्यक्ष राकेश ठाकुर की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के विस्तारक अमित शर्मा, प्रदेश भाजपा सचिव एवं दोहरा विधानसभा प्रभारी वंदना योगी, भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश महामंत्री एवं पूर्व विधायक कमलेश कुमारी, पूर्व विधायक डॉ. अनिल धीमान सहित जिला, मंडल एवं विभिन्न मोर्चों और प्रकोष्ठों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक की शुरुआत प्रदेश संगठन महामंत्री सिद्धार्थन के हाल ही में दिवंगत हुए पिता को श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ हुई। सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की।

इसके बाद जिला अध्यक्ष राकेश ठाकुर ने संगठन द्वारा पूर्व में आयोजित कार्यक्रमों की समीक्षा करते हुए आगामी संगठनात्मक गतिविधियों की रूपरेखा प्रस्तुत की। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती कार्यकर्ताओं की सक्रियता, अनुशासन और निरंतर जनसंपर्क पर आधारित होती है।

बैठक में जिला भाजपा के सभी 10 मंडल अध्यक्षों ने अपने-अपने मंडलों में पार्टी द्वारा निर्धारित कार्यक्रमों और दायित्वों के क्रियान्वयन की रिपोर्ट प्रस्तुत की। साथ ही आगामी दिनों में आयोजित किए जाने वाले कार्यक्रमों एवं अभियानों की जानकारी भी साझा की।

इस दौरान ऑनलाइन डिजिटल कोर्स, 'मन की बात', 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान, कारगिल विजय दिवस, नीट परीक्षा उत्तीर्ण विद्यार्थियों के सम्मान समारोह तथा संत संपर्क अभियान के अंतर्गत आयोजित गतिविधियों की समीक्षा की गई। इसके अलावा 15 अगस्त के अवसर पर आयोजित होने वाले पार्टी कार्यक्रमों और जनसहभागिता सुनिश्चित करने को लेकर विस्तृत रणनीति पर भी चर्चा की गई।

बैठक के समापन अवसर पर हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के विस्तारक अमित शर्मा ने पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से पार्टी द्वारा सौंपे गए दायित्वों का निष्ठा, प्रतिबद्धता और समर्पण के साथ निर्वहन करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जिन मंडलों में संगठनात्मक कार्यक्रम अपेक्षित स्तर तक नहीं पहुंच पाए हैं, वहां भविष्य में अधिक समन्वय, सजगता और सक्रियता के साथ कार्य करने की आवश्यकता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विशाल राणा

Share this story