नगर पंचायत राजगढ़ के अध्यक्ष व उपाध्यक्ष ने ली शपथ
नाहन, 29 जुलाई (हि.स.)। नगर पंचायत राजगढ़ के नवनिर्वाचित अध्यक्ष विक्रम जेलदार तथा उपाध्यक्ष नरेंद्र ठाकुर ने आयोजित समारोह में पद एवं गोपनीयता की शपथ ग्रहण की। नगर पंचायत सभागार में आयोजित इस समारोह में उपमंडलाधिकारी (नागरिक) राजगढ़ ने दोनों जनप्रतिनिधियों को भारत के संविधान के प्रति निष्ठा एवं अपने दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन करने की शपथ दिलाई।शपथ ग्रहण समारोह में नगर पंचायत के सभी वार्ड सदस्यों के अलावा भाजपा और कांग्रेस के अनेक वरिष्ठ नेताओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं तथा गणमान्य नागरिकों ने भाग लिया।
समारोह का विशेष पहलू यह रहा कि अध्यक्ष पद पर कांग्रेस समर्थित विक्रम जेलदार तथा उपाध्यक्ष पद पर भाजपा समर्थित नरेंद्र ठाकुर के निर्वाचित होने के बाद दोनों दलों के नेता एक ही मंच पर मौजूद रहे और नवनिर्वाचित अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष को शुभकामनाएं दीं। सामान्यतः ऐसे आयोजनों में किसी एक दल के नेताओं की अधिक उपस्थिति देखने को मिलती है, लेकिन राजगढ़ नगर पंचायत के इस समारोह में दोनों प्रमुख राजनीतिक दलों की सहभागिता ने सौहार्दपूर्ण माहौल का संदेश दिया।
इस अवसर पर एसडीएम राजगढ़ राज कुमार ठाकुर ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में जनप्रतिनिधियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि नवनिर्वाचित अध्यक्ष, उपाध्यक्ष एवं सभी वार्ड सदस्य नगर पंचायत क्षेत्र के समग्र विकास, पारदर्शिता और जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए कार्य करेंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर

