नाहन की पंचायत समिति के 15 सदस्यों ने ली पद एवं गोपनीयता की शपथ

WhatsApp Channel Join Now

नाहन, 06 जून (हि.स.)। जिला मुख्यालय नाहन में शनिवार को नए जनप्रतिनिधियों ने अपने दायित्वों की औपचारिक शुरुआत की। एसडीएम नाहन एवं निर्वाचन प्रक्रिया के प्राधिकृत अधिकारी राजीव सांख्यान ने सभी निर्वाचित जनप्रतिनिधियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। समारोह के दौरान नवचयनित प्रतिनिधियों में उत्साह देखने को मिला और सभी ने अपने-अपने क्षेत्रों के विकास के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया।

विकास खंड नाहन की पंचायत समिति के नवनिर्वाचित सदस्यों में नेहली धीड़ा से निशा देवी, रामाधौन से वीरेंद्र सिंह, बनकलां से रजनीश कुमार, नलका से सरोज देवी, सतीवाला से दिनेश कुमार, विक्रमबाग से संजीव कुमार, कालाअंब से रीना रानी, त्रिलोकपुर से कर्म सिंह, वर्मा पापड़ी से रमेश कुमार, कौलांवाला भूड़ से माया देवी, सुरला से मनीषा धीमान, बनेठी से अरुणा देवी, नावनी से कर्म चंद, नाहन से देवयानी थापा और आम्बवाला सैनवाला से कविता चौहान ने भी पद एवं गोपनीयता की शपथ ग्रहण की।

एसडीएम नाहन राजीव सांख्यान ने बताया कि पंचायत समिति नाहन के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के चुनाव के लिए बुधवार दोपहर दो बजे का समय निर्धारित किया गया है। उन्होंने कहा कि नगर परिषद नाहन के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के चुनाव को लेकर नोटिस जारी करने की प्रक्रिया चल रही है और इसके लिए तिथि अभी तय नहीं की गई है। उन्होंने कहा कि सभी निर्वाचित जनप्रतिनिधि लोकतांत्रिक व्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी हैं और उनसे जनता की अपेक्षाओं के अनुरूप कार्य करने की उम्मीद है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर

Share this story