हिमाचल में सेब बागवानी के लिए तकनीकी सहयोग को तैयार न्यूजीलैंड
शिमला, 01 अक्टूबर (हि.स.)। न्यूजीलैंड हिमाचल प्रदेश में सेब की बागवानी को बढ़ावा देने के लिए तकनीकी विशेषज्ञता के क्षेत्र में सहयोग करने को तैयार है। न्यूजीलैंड के उच्चायुक्त पैट्रिक राटा के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने वीरवार को मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू से यहां मुलाकात की और बागवानी क्षेत्र से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की।
प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को न्यूजीलैंड की ओर से हिमाचल प्रदेश में प्रस्तावित सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की स्थापना के बारे में जानकारी दी। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि न्यूजीलैंड सेब की बागवानी के क्षेत्र में प्रदेश को तकनीकी सहयोग देने का इच्छुक है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सेब उत्पादन हिमाचल प्रदेश की आर्थिकी में महत्वपूर्ण योगदान देता है। प्रदेश सरकार बागवानी को मजबूत करने के लिए नई तकनीक और नवाचार को बढ़ावा दे रही है। उन्होंने हिमाचल और न्यूजीलैंड के किसानों तथा बागवानों के लिए एक्सपोजर विजिट करवाने की आवश्यकता पर जोर दिया, जिससे दोनों क्षेत्रों के किसान और बागवान एक-दूसरे की तकनीक और अनुभवों को समझ सकें।
बैठक में प्राकृतिक खेती से जुड़े विभिन्न विषयों पर भी विस्तार से चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने बागवानी क्षेत्र में आधुनिक तकनीक और नवाचार को बढ़ावा देने की दिशा में सहयोग की आवश्यकता पर जोर दिया।
इस अवसर पर नगर निगम शिमला के महापौर सुरेंद्र चौहान, मुख्य सचिव के.के. पंत, न्यूजीलैंड के विशेष कृषि व्यापार दूत नाथन गाइ, उच्चायोग के काउंसलर प्राथमिक उद्योग जेम्स वॉ, कृषि साझेदारी प्रबंधक प्रियम अरोड़ा, डेनियल और लैकलन भी उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

