एनएसयूआई कांग्रेस की विचारधारा की मजबूत नींव: विनय कुमार

WhatsApp Channel Join Now
एनएसयूआई कांग्रेस की विचारधारा की मजबूत नींव: विनय कुमार


शिमला, 09 अप्रैल (हि.स.)। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार ने भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) के स्थापना दिवस पर संगठन के सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि एनएसयूआई कांग्रेस पार्टी की वह सशक्त पौध है, जो आगे बढ़कर पार्टी की विचारधारा को मजबूत करती है।

विनय कुमार ने अपने संदेश में कहा कि 9 अप्रैल का दिन एनएसयूआई की गौरवशाली विरासत का उत्सव मनाने के साथ-साथ शिक्षा, लोकतंत्र और छात्र अधिकारों के प्रति प्रतिबद्धता को दोहराने का अवसर भी है। उन्होंने कहा कि एनएसयूआई देश की सबसे बड़ी छात्र शक्ति के रूप में लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा में अहम भूमिका निभा रही है।

उन्होंने कहा कि एनएसयूआई कैंपस से लेकर सड़कों तक छात्रवृत्ति, बेहतर शिक्षा व्यवस्था और युवाओं को रोजगार दिलाने के लिए निरंतर संघर्ष कर रही है। संगठन छात्रों को निर्भीक और सशक्त नेतृत्व प्रदान करते हुए उन्हें बदलाव का हिस्सा बनने के लिए प्रेरित करता है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस की असली नींव एनएसयूआई से ही तैयार होती है, जहां से कार्यकर्ता आगे बढ़कर युवा कांग्रेस के माध्यम से राष्ट्रीय राजनीति में महत्वपूर्ण योगदान देते हैं और देश के विकास में अपनी भूमिका निभाते हैं।

विनय कुमार ने एनएसयूआई के सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि यह संगठन छात्रहित और देशहित में हमेशा अग्रिम पंक्ति में खड़ा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील शुक्ला

Share this story