हिमाचल प्रदेश में एनएसयूआई के संगठनात्मक चुनावों के लिए सदस्यता अभियान शुरू
शिमला, 13 अगस्त (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में छात्र संगठन एनएसयूआई के संगठनात्मक चुनावों की प्रक्रिया आगे बढ़ गई है। संगठन ने चुनाव के अगले चरण के तहत सदस्यता अभियान शुरू कर दिया है।
हिमाचल प्रदेश एनएसयूआई के प्रदेश चुनाव प्रभारी राकेश बैरवा ने बताया कि संगठनात्मक चुनावों के लिए नामांकन और नामांकन पत्रों की जांच की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है तथा 9 अगस्त को सभी अंतिम नामांकन घोषित कर दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि यह पूरी प्रक्रिया केंद्रीय चुनाव प्राधिकरण द्वारा निर्धारित नियमों और पात्रता मानदंडों के अनुसार पूरी की गई है।
राकेश बैरवा ने बताया कि अब चुनाव प्रक्रिया के महत्वपूर्ण चरण के रूप में सदस्यता अभियान आरंभ हो गया है। इसके लिए ऑनलाइन सदस्यता मंच 12 अगस्त सुबह 9 बजे से खोल दिया गया है, जो 10 सितंबर शाम 5 बजे तक खुला रहेगा। इस अवधि के दौरान पात्र विद्यार्थी संगठन की सदस्यता ग्रहण कर सकेंगे और सदस्यता शुल्क जमा कर चुनावी प्रक्रिया में भाग ले सकेंगे।
उन्होंने कहा कि 12 अगस्त से 10 सितंबर तक सदस्यता लेने और शुल्क जमा करने की प्रक्रिया जारी रहेगी। यदि किसी विद्यार्थी को तकनीकी या अन्य वास्तविक कारणों से निर्धारित समय सीमा तक शुल्क जमा करने में परेशानी आती है, तो ऐसे विद्यार्थियों को अतिरिक्त अवसर दिया जाएगा। इसके लिए 11 सितंबर को विशेष शुल्क जमा अवधि उपलब्ध करवाई जाएगी।
उन्होंने कहा कि इस व्यवस्था का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र विद्यार्थी केवल तकनीकी या भुगतान संबंधी समस्या के कारण संगठनात्मक चुनावों की प्रक्रिया से वंचित न रह जाए।
प्रदेश चुनाव प्रभारी ने बताया कि प्रथम वर्ष में नए प्रवेश लेने वाले विद्यार्थी भी निर्धारित पात्रता शर्तों के अनुसार अपनी शुल्क रसीद के आधार पर सदस्यता प्राप्त कर सकते हैं। ऐसे विद्यार्थी भी चुनावी प्रक्रिया में भाग लेने के पात्र होंगे।
उन्होंने कहा कि नामांकन और जांच प्रक्रिया के दौरान जिस प्रकार चुनाव टीम और विभिन्न क्षेत्रीय अधिकारियों ने विद्यार्थियों की सहायता की थी, उसी प्रकार सदस्यता अभियान के दौरान भी विद्यार्थियों को हर संभव सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा। किसी भी तकनीकी समस्या, शुल्क जमा करने में कठिनाई या अन्य जानकारी के लिए विद्यार्थी अपने संबंधित क्षेत्रीय अधिकारी अथवा तकनीकी सहायता दल से संपर्क कर सकते हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

