कोठी गैहरी पाठशाला का सात दिवसीय एनएसएस शिविर संपन्न
मंडी, 08 अक्टूबर (हि.स.)। मंडी जिला की राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कोठी गैहरी को सात दिवसीय एनएसएस शिविर संपन्न हो गया। इसका समापन कैप्टन गगनेश ठाकुर ने किया। मुख्य अतिथि के तौर पर अपने संबोधन में उन्होंने सभी वालंटियर की हौसला अफजाई की और सात दिनों के दौरान किए गए सेवा कार्यों और जागरूकता कार्यों की भूरी भूरी प्रशंसा की। कैप्टन गगनेश ने एनएसएस के स्वयंसेवकों व विद्यार्थियों को जीवन में सफलता कैसे हासिल की जा सकती है, किस तरह से कड़ी मेहनत किसी भी मुकाम तक ले जा सकती है के बारे में विस्तार से बताया व इसमें अपना भी उदाहरण दिया कि किस तरह एक खिलाड़ी के तौर पर लगातार मेहनत करके उन्होंने सेना में चयन होने का गौरव हासिल किया।
गौरतलब है कि केप्टन गगनेश इसी गांव के रहने वाले हैं तथा एक नामी खिलाड़ी रहे हैं। इस मौके पर विद्यालय के प्रधानाचार्य बालकृष्ण यादव ने उनका स्वागत किया और विद्यार्थियों को बताया कि यदि लगन और परिश्रम के साथ कार्य किया जाए तो समाज में ऊंचे पदों पर पहुंचा जा सकता है।
राष्ट्रीय सेवा योजना के इस दिवसीय विशेष शिविर में कार्यक्रम प्रभारी भगतराम चंदेल प्रवक्ता अर्थशास्त्र और आशा कुमारी प्रवक्ता समाजशास्त्र ने बखूबी बच्चों का नेतृत्व किया और सभी गतिविधियों का सुचारू रूप से संचालन किया। योगेश कुमार और कंचन को बेस्ट वॉलिंटियर का खिताब दिया गया। वही समाज के विभिन्न दानी सज्जनों को भी स्मृति चिन्ह सम्मानित किया गया ।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

